पाली खेल एवं मेला महोत्सव 2026 का भव्य एवं रंगारंग समापन समारोह नगर में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।
पाली खेल एवं मेला महोत्सव 2026 का सांस्कृतिक कार्यक्रम राई लोकगीत व सम्मान समारोह के साथ हुआ यादगार समापन जयसिंह राजा एण्ड पार्टी की प्रस्तुति ने बांधा समां, पत्रकारों व समाजसेवियों का हुआ सम्मान

पाली खेल एवं मेला महोत्सव 2026 का सांस्कृतिक कार्यक्रम राई लोकगीत व सम्मान समारोह के साथ हुआ यादगार समापन
जयसिंह राजा एण्ड पार्टी की प्रस्तुति ने बांधा समां, पत्रकारों व समाजसेवियों का हुआ सम्मान
पाली : पाली खेल एवं मेला महोत्सव 2026 का भव्य एवं रंगारंग समापन समारोह नगर में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। समापन अवसर पर बुंदेलखंड के लोकप्रिय एवं सुप्रसिद्ध कलाकार जयसिंह राजा एण्ड पार्टी द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम ने दर्शकों का मन मोह लिया। राई लोकगीतों, भजन-कीर्तन और पारंपरिक बुंदेली संस्कृति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों के साथ यह आयोजन अत्यंत सफल एवं यादगार बन गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्या की देवी मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद कलाकारों द्वारा मां सरस्वती की वंदना प्रस्तुत की गई। मंच पर कलाकार जयसिंह राजा, वीणा देवी एवं ज्योति कुशवाहा ने वंदना के साथ-साथ भजन-कीर्तन एवं बुंदेली राई लोकगीतों की मधुर प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के दौरान दर्शकों ने तालियों की गूंज के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

समापन समारोह में विशेष रूप से पत्रकारों, नगर के लोकगायकों एवं समाजसेवियों के सम्मान समारोह का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम अध्यक्ष मनीष कुमार तिवारी एवं उनकी टीम द्वारा पत्रकारों और नगर के प्रतिभाशाली लोकगायकों को शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम अध्यक्ष मनीष कुमार तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि पाली खेल एवं मेला महोत्सव 2026 का आयोजन नगर के लिए एक ऐतिहासिक पहल रहा है। उन्होंने बताया कि इतना बड़ा एवं विशाल आयोजन बिना किसी सरकारी धन खर्च के तथा बिना किसी प्रकार के चंदा संग्रह के सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन नगर के ईष्ट मित्रों, आयोजन समिति, सहयोगियों और नगरवासियों के आशीर्वाद एवं सहयोग से ही संभव हो पाया।

महोत्सव के दौरान आयोजन समिति द्वारा विभिन्न रचनात्मक एवं खेल गतिविधियों का सफल आयोजन किया गया। इसमें निजी विद्यालयों के अध्यापकों का प्रशिक्षण, बच्चों की कार्यशाला, बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम, समाजसेवी सम्मान, व्यापारी सम्मान, कबड्डी टूर्नामेंट, क्रिकेट प्रतियोगिता, एथलेटिक्स सहित कई खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन को प्रोत्साहित किया गया।

समापन समारोह में आयोजन समिति द्वारा कार्यक्रम को सफल बनाने वाले सभी सदस्यों एवं सहयोगियों को भी सम्मानित किया गया। आयोजन समिति के कर्ताधर्ताओं को स्मृति चिन्ह, शाल एवं श्रीफल देकर सम्मान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में नगर पंचायत के सभी सभासद, पत्रकार, समाजसेवी, व्यापार मंडल के पदाधिकारी, आयोजन समिति के सदस्य तथा बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर कार्यक्रम अध्यक्ष मनीष कुमार तिवारी ने समस्त नगर एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग मिलता रहा तो पाली नगर को विकास एवं सांस्कृतिक उन्नति की नई दिशा दी जाएगी।
समापन अवसर पर उपस्थित नागरिकों ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए इसे नगर की एक प्रेरणादायक पहल बताया।



