निर्वाचन कार्यों में उत्कृष्टता पर गिरिडीह को गौरव, उप निर्वाचन पदाधिकारी रंथू महतो हुए सम्मानित
जिले के लिए यह अत्यंत गर्व का विषय है कि निर्वाचन कार्यों के बेहतर प्रशासनिक समन्वय, पारदर्शिता, समयबद्ध निष्पादन तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के प्रभावी अनुपालन के लिए उप निर्वाचन पदाधिकारी रंथू महतो को सम्मानित किया गया है।

निर्वाचन कार्यों में उत्कृष्टता पर गिरिडीह को गौरव, उप निर्वाचन पदाधिकारी रंथू महतो हुए सम्मानित
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : जिले के लिए यह अत्यंत गर्व का विषय है कि निर्वाचन कार्यों के बेहतर प्रशासनिक समन्वय, पारदर्शिता, समयबद्ध निष्पादन तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के प्रभावी अनुपालन के लिए उप निर्वाचन पदाधिकारी रंथू महतो को सम्मानित किया गया है। यह सम्मान राज्य निर्वाचन आयुक्त अलका तिवारी द्वारा प्रदान किया गया।

राष्ट्रीय निर्वाचन आयोग द्वारा दिए गए इस पुरस्कार के माध्यम से निर्वाचन प्रक्रियाओं में उत्कृष्टता, नवाचार और समर्पित प्रयासों को मान्यता दी गई है। यह उपलब्धि गिरिडीह जिले के सभी चुनाव अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मेहनत, प्रतिबद्धता और टीमवर्क का प्रतिफल है।

सम्मान प्राप्त करने के बाद उप निर्वाचन पदाधिकारी रंथू महतो ने कहा कि सर्वप्रथम वे सभी जिलेवासियों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हैं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि पूरे गिरिडीह जिले के समर्पित चुनाव अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए गौरव का विषय है।

उन्होंने इस सफलता का श्रेय जिला निर्वाचन पदाधिकारी, गिरिडीह को देते हुए कहा कि उनके कुशल नेतृत्व, सतत पर्यवेक्षण और मार्गदर्शन में निर्वाचन से जुड़े सभी कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हुए। साथ ही उन्होंने सभी ईआरओ, एईआरओ, बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर, जिला स्तरीय पदाधिकारी, अधिकारी एवं कर्मियों—विशेष रूप से निर्वाचन कार्यालय के सभी पदाधिकारियों और कर्मचारियों—की सतत मेहनत और प्रतिबद्धता की सराहना की।
अंत में उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार गिरिडीह जिले को लोकतंत्र की उत्कृष्टता और नवाचार के क्षेत्र में एक नए मुकाम तक ले जाने के लिए प्रेरित करेगा।




