दिनदहाड़े घर में घुसे 6 हथियारबंद डकैत, महिला को बनाया बंधक; जेवर-नकदी लूटकर दो बाइकों से फरार
अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के पंचनटांड गांव में दिनदहाड़े हुई डकैती की वारदात ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

दिनदहाड़े घर में घुसे 6 हथियारबंद डकैत, महिला को बनाया बंधक; जेवर-नकदी लूटकर दो बाइकों से फरार
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के पंचनटांड गांव में दिनदहाड़े हुई डकैती की वारदात ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बुधवार को दो बाइक पर सवार छह हथियारबंद अपराधी एक घर में दाखिल हुए और घर में मौजूद महिला को बंधक बनाकर मारपीट की। इसके बाद अपराधी घर में रखे नकदी और जेवरात लेकर मौके से फरार हो गए।

बताया गया कि अपराधियों ने वारदात को अंजाम देने के लिए पहले बेहद शातिराना तरीका अपनाया। दो युवक घर के दरवाजे पर पहुंचे और महिला से कहा कि उनके पशु ने फसल को नुकसान पहुंचाया है। महिला ने जैसे ही दरवाजा खोला, पीछे मौजूद चार अन्य अपराधी भी जबरन घर में घुस गए।

इसके बाद अपराधियों ने महिला को अपने कब्जे में लेकर उसके साथ मारपीट की और घर में रखे सामान की तलाशी ली। पीड़िता रीता देवी के अनुसार, अपराधी करीब 20 हजार रुपये नकद और लगभग 20 ग्राम सोने के जेवरात लूटकर ले गए। लूटे गए जेवरात में दो मंगलसूत्र और एक जोड़ी पायल शामिल बताए गए हैं।
वारदात को अंजाम देने के बाद सभी छह अपराधी दो बाइकों पर सवार होकर फरार हो गए। दिन के उजाले में हुई इस घटना से पंचनटांड और आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही अहिल्यापुर थाना प्रभारी ऐनुल हक खान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने पीड़िता और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है।
फिलहाल पुलिस अपराधियों तक पहुंचने के लिए हर संभावित सुराग खंगाल रही है। वहीं, गांव में हुई इस दुस्साहसिक वारदात के बाद ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।




