छठ पर्व को लेकर गिरिडीह में चाक-चौबंद सुरक्षा, एसपी डॉ. बिमल कुमार ने किया घाटों का निरीक्षण
गिरिडीह , लोक आस्था का महापर्व छठ की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इसी क्रम में रविवार को पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने अरगाघाट , दीनदयाल घाट मेट्रोस गली घाट सिहोडीह आदर्श , नगर छठ घाट बरगंडा छठ घाट शास्त्री नगर अमित बरदियार छठ घाट समेत शहर के कई प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया।

छठ पर्व को लेकर गिरिडीह में चाक-चौबंद सुरक्षा, एसपी डॉ. बिमल कुमार ने किया घाटों का निरीक्षण
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह , लोक आस्था का महापर्व छठ की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इसी क्रम में रविवार को पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने अरगाघाट , दीनदयाल घाट मेट्रोस गली घाट सिहोडीह आदर्श , नगर छठ घाट बरगंडा छठ घाट शास्त्री नगर अमित बरदियार छठ घाट समेत शहर के कई प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ डीएसपी नीरज सिंह और नगर थाना प्रभारी ज्ञान रंजन कुमार मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने पुलिस वॉच टावर, साफ-सफाई, लाइटिंग, घाटों में पानी की गहराई, बैरिकेडिंग और भीड़ नियंत्रण व्यवस्था का विस्तार से जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
एसपी ने कहा कि भीड़भाड़ वाले इलाकों में पर्याप्त पुलिस बल और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने और पार्किंग की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के भी निर्देश दिए।

इस दौरान डॉ. कुमार ने सभी थानाध्यक्षों को सतर्क रहने और संवेदनशील घाटों पर विशेष निगरानी बढ़ाने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि छठ पूजा के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है।
वहीं दूसरी ओर, नगर निगम की टीमें घाटों की सफाई और प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुटी हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो।




