चियाकी में पशुपालकों को दिया गया पशुपालन एवं दुग्ध व्यवसाय बढ़ाने का प्रशिक्षण
मेदिनीनगर: सदर मेदिनीनगर प्रखंड अंतर्गत चियाकी पंचायत सचिवालय में आज जिला गव्य विकास कार्यालय, पलामू के द्वारा पशुपालकों के लिए जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

चियाकी में पशुपालकों को दिया गया पशुपालन एवं दुग्ध व्यवसाय बढ़ाने का प्रशिक्षण
पलामू : मेदिनीनगर सदर मेदिनीनगर प्रखंड अंतर्गत चियाकी पंचायत सचिवालय में आज जिला गव्य विकास कार्यालय, पलामू के द्वारा पशुपालकों के लिए जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पशुपालकों को गाय के उचित रखरखाव, खान-पान, स्वास्थ्य एवं उपचार से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि गायों की बेहतर देखभाल और वैज्ञानिक तरीके से पालन-पोषण कर पशुपालक अपनी आय में वृद्धि कर सकते हैं। साथ ही गाय के दूध से जुड़े विभिन्न रोजगार के अवसरों और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के तरीकों की जानकारी भी दी गई।
पशुपालकों को सलाह दी गई कि वे बेहतर तकनीक और आधुनिक पशुपालन की जानकारी प्राप्त करने के लिए रांची में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाग लें, जहां गायों के रखरखाव, साफ-सफाई, पोषण, बीमारी की पहचान एवं समय पर उपचार के बारे में व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाता है।

अधिकारियों ने कहा कि पशुपालन को व्यवस्थित और वैज्ञानिक तरीके से अपनाकर ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को स्वरोजगार से जोड़ा जा सकता है। इससे दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ किसानों और पशुपालकों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी।
कार्यक्रम में जिला गव्य विकास पदाधिकारी मोहन जी लाल, वरीय पशु चिकित्सा एवं पशुपालन पदाधिकारी अनूप विलियम लकड़ा, JMF एरिया मैनेजर अजीत कुमार सिंह, जिला गव्य विकास कार्यालय के हेड कंप्यूटर ऑपरेटर मोहम्मद रफीक सहित कई गणमान्य लोग एवं स्थानीय पशुपालक उपस्थित रहे।




