चलकुशा बीडीओ ने जारी किया आवश्यक निर्देश, 13 जुलाई को ग्रामसभा में 318 प्रकार की योजनाओं का होगा चयन।
चलकुशा प्रखंड विकास पदाधिकारी अमृता सिंह ने ऑनलाइन बैठक के माध्यम से सभी मुखिया, पंचायत सचिव, रोजगार सेवक, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, पंचायत स्वयंसेवक, सहायक अभियंता एवं कनीय अभियंता को आवश्यक निर्देश जारी किए।

चलकुशा बीडीओ ने जारी किया आवश्यक निर्देश, 13 जुलाई को ग्रामसभा में 318 प्रकार की योजनाओं का होगा चयन।
संवाददाता – मुन्ना यादव
चलकुशा : प्रखंड विकास पदाधिकारी अमृता सिंह ने ऑनलाइन बैठक के माध्यम से सभी मुखिया, पंचायत सचिव, रोजगार सेवक, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, पंचायत स्वयंसेवक, सहायक अभियंता एवं कनीय अभियंता को आवश्यक निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि 13 जुलाई 2026 को सभी पंचायतों में अनिवार्य रूप से ग्रामसभा आयोजित कर पंचायत की आवश्यकता के अनुरूप योजनाओं का चयन किया जाए।

बीडीओ ने बताया कि ग्रामसभा में 318 प्रकार की योजनाओं में से स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार प्राथमिकता तय की जाएगी। इनमें प्रमुख रूप से परकोलेशन टैंक (Percolation Tank) का निर्माण, सार्वजनिक शौचालय का निर्माण, बाजार-हाट का निर्माण, चेक डैम, पुस्तकालय का निर्माण, वाहन पार्किंग, स्वास्थ्य केंद्रों का रख-रखाव एवं मरम्मत, स्कूल एवं आंगनबाड़ी केंद्रों की मरम्मत सहित पंचायत की जरूरत के अनुरूप अन्य विकास योजनाओं का चयन किया जाएगा।
उन्होंने सभी मुखिया एवं पंचायत सचिवों को निर्देश दिया कि ग्रामसभा की कार्यवाही नियमानुसार संपन्न कर चयनित योजनाओं एवं आवश्यक अभिलेखों को शीघ्र प्रखंड कार्यालय में जमा करें, ताकि स्वीकृति की प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके और योजनाओं का लाभ ग्रामीणों को शीघ्र मिल सके।
बैठक में सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों से समन्वय बनाकर ग्रामसभा को सफल बनाने तथा अधिक से अधिक ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।



