गोपाष्टमी पर अध्यक्ष बिहार विधानसभा डॉ. प्रेम कुमार ने गौमाता की सेवा कर दिया गौ-संरक्षण एवं स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने का संदेश
बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने गोपाष्टमी के पावन अवसर पर पटना के श्रीरामपुर नरमा स्थित श्री गोपीकृष्ण गौ आश्रम में आयोजित गोपाष्टमी पूजन समारोह में शामिल होकर गौमाता की पूजा-अर्चना की तथा उन्हें फल एवं चारा खिलाकर आशीर्वाद प्राप्त किया।

गोपाष्टमी पर अध्यक्ष बिहार विधानसभा डॉ. प्रेम कुमार ने गौमाता की सेवा कर दिया गौ-संरक्षण एवं स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने का संदेश
बिहार : बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने गोपाष्टमी के पावन अवसर पर पटना के श्रीरामपुर नरमा स्थित श्री गोपीकृष्ण गौ आश्रम में आयोजित गोपाष्टमी पूजन समारोह में शामिल होकर गौमाता की पूजा-अर्चना की तथा उन्हें फल एवं चारा खिलाकर आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौमाता का स्थान अत्यंत पूजनीय है। हमारे धर्मग्रंथों में कहा गया है— “गावो विश्वस्य मातरः”, अर्थात गौमाता संपूर्ण विश्व की माता हैं। भगवान श्रीकृष्ण ने भी गोपाल के रूप में गौसेवा का संदेश दिया है। गौसेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत, ग्रामीण अर्थव्यवस्था, कृषि और पर्यावरण संरक्षण से भी जुड़ी हुई है।

उन्होंने कहा कि गाय का दूध, दही, घी एवं गोबर ग्रामीण जीवन और अर्थव्यवस्था के महत्वपूर्ण आधार हैं। गोबर से जैविक खाद तैयार कर प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जा सकता है। आज आवश्यकता है कि गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाया जाए तथा गौवंश के संरक्षण के साथ उनके प्राकृतिक संसाधनों का भी बेहतर उपयोग हो।

डॉ. प्रेम कुमार ने श्री गोपीकृष्ण गौ आश्रम में गाय के गोबर से तैयार किए जा रहे आकर्षक दीपक, धूपबत्ती, शुभ-लाभ पट्टिका, श्री एवं स्वास्तिक चिह्न सहित विभिन्न उपयोगी एवं सजावटी वस्तुओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह पहल गौसेवा, स्वदेशी सोच, पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भर भारत की भावना का अनूठा संगम है। इस प्रकार के प्रयासों से कुटीर उद्योग एवं स्वरोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने आश्रम के संचालक गोपाल मोदी की पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि गोधन उत्पाद कार्यशाला के माध्यम से किसानों एवं ग्रामीण महिलाओं को गोबर से उपयोगी वस्तुएँ बनाने का निःशुल्क प्रशिक्षण देना सराहनीय कदम है। इससे किसान अतिरिक्त आय अर्जित कर सकेंगे तथा ग्रामीण महिलाएँ घर पर ही स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बन सकेंगी।
उन्होंने कहा कि सरकार, समाज और गौशाला संचालकों के सामूहिक प्रयास से गौ-संरक्षण को जनअभियान बनाया जा सकता है। हमें बेसहारा गौवंश की सेवा, सुरक्षा और उनके लिए उचित चारा, पानी एवं चिकित्सा की व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में निरंतर प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने सभी से गोपाष्टमी के अवसर पर गौसेवा, गौ-संरक्षण, प्राकृतिक खेती और स्वदेशी उत्पादों को अपनाने का संकल्प लेने की अपील की।




