गिरिडीह पुलिस के कांवरिया सेवा शिविर की धनंजय सिंह ने की सराहना, बोले- इस पहल को आगे बढ़ाना होगी बड़ी चुनौती
गिरिडीह जिला पुलिस की ओर से पपरवाटांड़ स्थित कांवरिया सेवा शिविर की शुरुआत की गई है। शिविर में बाबा भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए पुलिस की ओर से निशुल्क रहने, भोजन और चिकित्सा की व्यवस्था की गई है।

गिरिडीह पुलिस के कांवरिया सेवा शिविर की धनंजय सिंह ने की सराहना, बोले- इस पहल को आगे बढ़ाना होगी बड़ी चुनौती
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : गिरिडीह जिला पुलिस की ओर से पपरवाटांड़ स्थित कांवरिया सेवा शिविर की शुरुआत की गई है। शिविर में बाबा भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए पुलिस की ओर से निशुल्क रहने, भोजन और चिकित्सा की व्यवस्था की गई है। यह सेवा शिविर 24 घंटे संचालित होगा और 28 अगस्त तक श्रद्धालुओं को सेवाएं उपलब्ध कराएगा।

कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष सह प्रदेश सचिव धनंजय कुमार सिंह ने मंगलवार को पपरवाटांड़ स्थित कांवरिया सेवा शिविर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि शिविर में श्रद्धालुओं के लिए रहने, भोजन और मेडिकल की सुविधाएं रात-दिन उपलब्ध कराई जा रही हैं।

धनंजय सिंह ने कहा कि गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार की पहल पर शुरू किया गया यह सेवा कार्य सराहनीय है। उन्होंने कहा कि ऐसा पुलिस कप्तान जिले को मिला है, जिन्होंने एक ऐसी लकीर खींच दी है, जिसे आने वाले पुलिस अधीक्षकों के लिए आगे बढ़ाना निश्चित रूप से एक चुनौती होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि महादेव की कृपा रही तो यह सेवा का कारवां हर वर्ष इसी तरह निरंतर आगे बढ़ता रहेगा।
उन्होंने कांवरिया सेवा शिविर के आयोजन के लिए पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार और उनकी पूरी टीम को बधाई दी। साथ ही देश के 100 सर्वश्रेष्ठ पुलिस अधीक्षकों में चयनित होने पर भी डॉ. विमल कुमार को शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान शिविर में सार्जेंट सनी, मेजर पीयूष और प्रोफेसर कमल नयन सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।



