गिरिडीह जिले के नगर भवन में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के माध्यम से आयोजित
गिरिडीह जिले के नगर भवन में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के माध्यम से आयोजित

माननीय झालसा, रांची के निर्देशानुसार आज गिरिडीह जिले के नगर भवन में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के माध्यम से आयोजित किया गया मेगा विधिक सशक्तिकरण शिविर आम लोगों के बीच हुआ परिसंपत्तियों का वितरण
गिरिडीह, मनोज कुमार।
झारखंड/गिरिडीह: झालसा, रांची के निर्देश पर एवं माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष महोदया, जिला विधिक सेवा प्राधिकार गिरिडीह के मार्गदर्शन में जिला स्तरीय *मेगा विधिक सशक्तिकरण शिविर* का आयोजन नगर भवन, गिरिडीह में किया गया।
इस शिविर के माध्यम से गिरिडीह जिले के सभी सुदूरवर्ती प्रखंडों में रहने वाले आम ग्रामीणों को तत्काल लाभ मुहैया कराया गया जिसमें आम जनों को विभिन्न प्रकार के सरकारी जनकल्याणकारी योजनाएं जो केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार के द्वारा संचालित होती हैं उनका लाभ ऑन द स्पॉट प्रदान किया गया।
जिला स्तर पर इस कार्यक्रम का शुभांरभ नगर भवन, गिरिडीह में माननीय प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय गिरिडीह अरविंद कुमार पांडेय, उपायुक्त सह उपाध्यक्ष , जिला विधिक सेवा प्राधिकार गिरिडीह, नमन प्रियेश लकड़ा, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश(प्रभारी) सह अध्यक्ष(प्रभारी) , जिला विधिक सेवा प्राधिकार गिरिडीह,यशवंत प्रकाश, महासचिव जिला अधिवक्ता संघ गिरिडीह, चुन्नू कांत, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार गिरिडीह, सौरव कुमार गौतम एवं आरक्षी उपाधीक्षक संजय राणा के कर कमलों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त सह उपाध्यक्ष , जिला विधिक सेवा प्राधिकार गिरिडीह ने कहा कि गिरिडीह जिला प्रशासन द्वारा माननीय झालसा, रांची एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गिरिडीह के समन्वय में आम लोगों को उनके वाजिब कानूनी हक को प्रदान कराना जिला प्रशासन का उत्तरदायित्व है। इसी कड़ी में आज गिरिडीह जिले के सभी विभाग इस कार्यक्रम में मुस्तैदी से काम करते हुए आमलोगों को विभिन्न प्रकार के सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित कर रहे हैं, और आगे भी जिला प्रशासन गिरिडीह न्यायपालिका के साथ सामंजस्य स्थापित करते हुए, इस प्रकार के कार्यक्रमों में अपनी सकारात्मक भागीदारी निभाने के लिए तत्पर हैं।
प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय गिरिडीह अरविंद कुमार पांडेय ने कहा कि माननीय नालसा, नई दिल्ली एवं माननीय झालसा, रांची के निर्देश पर आम जनों एवं समाज के अंतिम पायदान में रहने वाले लोगों के हितों को ध्यान में रखते हुए तथा उन्हें केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान करने के उद्देश्य से इस जिला स्तरीय शिविर का आयोजन नगर भवन, गिरिडीह में किया जा रहा है। आम लोगों को केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ ऑन द स्पॉट त्वरित लाभ प्रदान कराना इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है। आम लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार गिरिडीह एवं जिला न्यायालय आम लोगों के हितों की रक्षा करने तथा भारतीय संविधान में निहित मूलभूत अधिकारों के संरक्षण हेतु निरंतर कार्य कर रही है। साथ ही साथ आम लोगों को त्वरित, सुलभ एवं निःशुल्क न्याय प्रदान करने के लिए सदैव तत्पर है।
प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह प्रभारी अध्यक्ष महोदय जिला विधिक सेवा प्राधिकार गिरिडीह, यशवंत प्रकाश ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गिरिडीह के माध्यम से एवं जिला प्रशासन के सहयोग द्वारा चिन्हित लाभुकों को उनके आवेदनों पर त्वरित विचार करते हुए आज उन्हें विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित कर उनके बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया जा रहा है।
सचिव महोदय जिला विधिक सेवा प्राधिकार गिरिडीह, सौरव कुमार गौतम ने इस कार्यक्रम के बारे में जानकारी प्रदान करते हुए कहा कि आजादी के इस अमृत काल में माननीय राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार नई दिल्ली माननीय झालसा रांची के निर्देश पर आम लोगों के हितों की रक्षा के लिए एवं उन्हें सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का त्वरित लाभ प्रदान कराने के के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गिरिडीह कृत संकल्पित है।
गिरिडीह जिला क्षेत्र का कोई भी व्यक्ति जो अपनी गरीबी और अशिक्षा के कारण संवैधानिक अधिकारों को एवं उचित न्याय पाने से वंचित हैं वे जिला विधिक सेवा प्राधिकार गिरिडीह में निःसंकोच संपर्क स्थापित कर सकते हैं, उन्हें त्वरित सुलभ एवं निःशुल्क न्याय देने हेतु जिला विधिक सेवा प्राधिकार गिरिडीह सदैव तत्पर है। उन्होंने आगे कहा कि इस कार्यक्रम की तैयारी हेतु गिरिडीह जिले के सभी विभागों के पदाधिकारियों के साथ की मीटिंग हुई थी साथ ही साथ गिरिडीह न्याय मंडल में पदस्थापित सभी न्यायिक पदाधिकारियों, सभी पारा लीगल वालंटियर्स के साथ मीटिंग हुई और इसका प्रचार प्रसार प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं पारा लीगल वालंटियर्स के माध्यम से स्थानीय जनता में निरंतर किया गया। आम जनों ने इस दौरान पारा लीगल वॉलिंटियर्स के माध्यम से अपने-अपने प्रखंडों में जाकर अपना आवेदन समर्पित किया और उनके द्वारा समर्पित आवेदनों को संबंधित विभाग के द्वारा त्वरित निष्पादन करते हुए उन्हें लाभ प्रदान करने हेतु चिन्हित किया गया। आज 23 अप्रैल, 2023 को जिला स्तर पर आयोजित इस शिविर में पदस्थापित न्यायिक पदाधिकारियों तथा कार्यपालिका के पदाधिकारियों की उपस्थिति में विभिन्न विभागों संबंधित योजनाओं का लाभ आमजनों को प्रदान कर उनके बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आरक्षी उपाधीक्षक संजय राणा ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार के द्वारा निरंतर चलाए जा रहे कार्यक्रमों से आम जनमानस में कानूनी जागरूकता में वृद्धि हुई है, साथ ही साथ लोक अदालतों, जेल अदालतों इत्यादि माध्यमों के द्वारा सुलहनीय मामलों का निष्पादन प्रतिमाह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के माध्यम से किया जाता है। उन्होंने आम लोगों को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं न्याय प्रशासन आप के हितों की रक्षा करने के लिए सदैव तत्पर है। कोई भी व्यक्ति बेझिझक होकर अपने अधिकारों के लिए इन संस्थाओं के माध्यम से समुचित न्याय प्राप्त कर सकते हैं।
कार्यक्रम में जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश चतुर्थ पीयूष श्रीवास्तव, जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश तृतीय, सोमेंद्र नाथ सिकदर, अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी गिरिडीह श्री अशोक कुमार, प्रधान दंडाधिकारी किशोर न्याय बोर्ड सह न्यायिक दंडाधिकारी गिरिडीह सुश्री सीमा कुमारी मिंज, अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी गिरिडीह सुश्री श्रुति सोरेन, मुंसिफ गिरिडीह श्री एडिथ होरो, सुश्री मानसी न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी गिरिडीह, न्यायिक दंडाधिकारी गिरिडीह श्री मोहित चौधरी, न्यायिक दंडाधिकारी गिरिडीह सुश्री पायल झा सहित गिरिडीह जिले के सभी अनुमंडल पदाधिकारी गण उपस्थित थे।
इस कार्यक्रम का संचालन श्री अभिजीत पांडेय, न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी गिरिडीह एवं धन्यवाद ज्ञापन श्री अभिनंदन पांडेय न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी गिरिडीह के द्वारा किया गया।
इस कार्यक्रम में सभी प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी महोदय सहित जिले एवं प्रखंड के विभिन्न विभागों के पदाधिकारीगण, प्रतिनियुक्त लीगल एड डिफेंस काउंसिल के अधिवक्तागण, पारा लीगल वॉलिंटियर्स, प्रखंड एवं अंचल के सभी कर्मचारीगण विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी गण ने तत्परता पूर्वक एवं सजग होकर के आम जनों को लाभ प्रदान किया गया। 
संध्या 4:00 तक विभिन्न प्रखंडों से प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गिरिडीह द्वारा आयोजित आज के इस कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं में *कूल 1459 लाभुकों* को लाभ प्रदान किया गया, जिसमें इन लाभुकों को कुल 06 करोड़ 64 लाख 4 हजार रुपए की धनराशि की परिसंपत्तियों का वितरण आमलोगों के बीच किया गया। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में गिरिडीह न्याय मंडल के सभी न्यायिक पदाधिकारीगण, जिले के विभिन्न विभागों के सभी अधिकारीगण, कर्मचारीगण, पुलिस प्रशासन, मीडिया बंधुओं, पारा लीगल वॉलिंटियर्स एवं आम जनों को धन्यवाद ज्ञापन करते हुए सचिव महोदय ने कहा कि गिरिडीह जिले में यह अभूतपूर्व कार्य हुआ है, जिसमें एक ही दिन एक ही मंच पर सभी विभागों के अधिकारी कर्मचारी द्वारा मिलकर लाभुकों को लाभ प्रदान किए गए हैं।

उन्होंने आगे सूचित करते हुए कहा कि माननीय झालसा, रांची के द्वारा समय-समय पर इस प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन आम जनों को त्वरित लाभ पहुंचाने के लिए किया जाता है। आगामी 13 मई,2023 को जिला विधिक सेवा प्राधिकार गिरिडीह की ओर से व्यवहार न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है जिसमें सभी प्रकार के सुलहनीय मामलों का निष्पादन पक्षकारों की आपसी सहमति से किया जाना है। उन्होंने आम जनों से इस राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।




