Breaking Newsझारखण्डटेक्नोलॉजीताजा खबरदुनियादेशमनोरंजनलाइफस्टाइललाइव न्यूज़

गिरिडीह के सीएनआई चर्च पचम्बा में धूमधाम से मना क्रिसमस पर्व

स्टीवेंसन मेमोरियल चर्च/सीएनआई चर्च पचम्बा में क्रिसमस (बड़ा दिन) का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया।

गिरिडीह के सीएनआई चर्च पचम्बा में धूमधाम से मना क्रिसमस पर्व

गिरिडीह, मनोज कुमार।

गिरिडीह : स्टीवेंसन मेमोरियल चर्च/सीएनआई चर्च पचम्बा में क्रिसमस (बड़ा दिन) का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मसीही समुदाय के लोगों ने प्रभु यीशु मसीह के जन्मदिवस की खुशी में विशेष आराधना सभा का आयोजन किया।
चर्च आराधना का संचालन प्रेसबिटर इंचार्ज रेव्ह सन्नी दास ने किया। इस मौके पर पूर्व रेव्ह एफ.टी. हंसदा भी उपस्थित रहे। दोनों धर्मगुरुओं ने उपस्थित मसीहियों को क्रिसमस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

अपने संदेश में रेव्ह सन्नी दास ने बाइबल के वचनों का उल्लेख करते हुए कहा कि परमेश्वर ने संसार से इतना प्रेम किया कि उसने अपना एकलौता पुत्र दिया, ताकि जो कोई उस पर विश्वास करे वह नाश न हो बल्कि अनंत जीवन पाए। उन्होंने कहा कि प्रभु यीशु ने हमें प्रेम, क्षमा और एक-दूसरे से भाईचारे के साथ रहने की शिक्षा दी। जहां प्रेम होता है, वहां सभी विवाद समाप्त हो जाते हैं।

इस अवसर पर देश-प्रदेश के साथ-साथ विदेशों से भी श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं ने बताया कि वे अमेरिका, उत्तर प्रदेश, प्रयागराज, रांची, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, देवघर, हजारीबाग, मुंगेर, कटिहार, दुमका, चतरा, गोड्डा, ओडिशा और टाटा समेत विभिन्न स्थानों से आराधना में शामिल होने आए थे।

क्रिसमस पर दान देने वाले लोगों के लिए विशेष प्रार्थना की गई। कार्यक्रम में महिलाओं, युवाओं, परिवारों और बच्चों द्वारा विशेष गीत प्रस्तुत किए गए। वहीं एलेक्स और उनकी टीम द्वारा क्रिसमस गीतों पर नृत्य प्रस्तुति दी गई, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।

उल्लेखनीय है कि इस आराधना में न केवल ईसाई धर्मावलंबी, बल्कि अन्य समुदायों के लोग भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। इसके अलावा पीएच चर्च, आरसी चर्च, एजी चर्च समेत अन्य चर्चों में भी विशेष आराधना का आयोजन किया गया।

आराधना के उपरांत चर्च परिसर में केक काटकर एवं वितरण कर एक-दूसरे को क्रिसमस की बधाइयां दी गईं।
इस अवसर पर जॉय हेम्बरोम, केपी मरांडी, विलियम जेकब, सरोजनी सोरेन, रंजना जेकब, रॉनी रोहन दास, मनोज लाल, प्रतुल चौधरी, कानन किस्कू, वचन प्रीत, एलेक्स रॉयल, सतीश केशप, जोय केशप, ग्लोरिया केशप, अतिन्द्र सरकार, सुभाष मंडल, दीपक वेशली, अजय मरांडी, अल्बर्ट दाउद मरांडी, झरना दिपाली, हनी सरकार समेत सैकड़ों महिला, पुरुष और बच्चे उपस्थित थे।

 

Related Articles

Back to top button