Breaking Newsझारखण्डटेक्नोलॉजीताजा खबरदुनियादुर्घटनादेशलाइफस्टाइललाइव न्यूज़हेल्थ

गिरिडीह के बजटों गांव में फूड पॉयजनिंग की घटना, 20 से अधिक लोग बीमार — प्रशासन अलर्ट मोड में l

गिरिडीह जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बजटों गांव में गुपचुप (फास्ट फूड) खाने के बाद फूड पॉयजनिंग की गंभीर घटना सामने आई है। इस घटना में 20 से अधिक बच्चे, महिलाएं और पुरुष अस्वस्थ हो गए हैं।

गिरिडीह के बजटों गांव में फूड पॉयजनिंग की घटना, 20 से अधिक लोग बीमार — प्रशासन अलर्ट मोड में l

गिरिडीह: मनोज कुमार।

गिरिडीह : जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बजटों गांव में गुपचुप (फास्ट फूड) खाने के बाद फूड पॉयजनिंग की गंभीर घटना सामने आई है। इस घटना में 20 से अधिक बच्चे, महिलाएं और पुरुष अस्वस्थ हो गए हैं। सभी प्रभावितों को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरिडीह सदर अस्पताल और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त रामनिवास यादव ने तुरंत एक विशेष मेडिकल टीम का गठन किया। टीम ने गांव पहुंचकर प्रभावित बच्चों, उनके परिजनों और अन्य ग्रामीणों की व्यापक स्वास्थ्य जांच की। घर-घर जाकर लोगों का हाल जाना गया और जरूरतमंदों को प्राथमिक उपचार भी उपलब्ध कराया गया। साथ ही ग्रामीणों को साफ-सफाई, सुरक्षित पेयजल और स्वच्छ खाद्य पदार्थों के सेवन को लेकर जागरूक किया गया।

स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार सक्रिय है और सभी मरीजों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। चिकित्सकों के अनुसार अधिकांश मरीजों की हालत स्थिर है और उनमें तेजी से सुधार हो रहा है, जो राहत की बात है। अस्पताल में दवाओं, बेड और अन्य आवश्यक सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था की गई है।

इधर, खाद्य सुरक्षा विभाग ने भी त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. राजा कुमार के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर गुपचुप, चाट और छोले सहित संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।

उपायुक्त ने सख्त निर्देश दिए हैं कि जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पुलिस और प्रशासन को मामले की गहन जांच कर जिम्मेदार लोगों की पहचान करने को कहा गया है।

उपायुक्त रामनिवास यादव स्वयं पूरे घटनाक्रम की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं और अधिकारियों से पल-पल की जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों के सेवन से बचें और स्वच्छता के नियमों का पालन करें।
फिलहाल प्रशासन स्थिति पर पूरी तरह नियंत्रण बनाए हुए है और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान की जा रही है।

Related Articles

Back to top button