कर्ज के दबाव में माँ-बेटी ने की आत्महत्या, श्रीरामपुर गांव में पसरा मातम
मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के गादी श्रीरामपुर गांव में सोमवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां कर्ज के दबाव से परेशान एक माँ और उसकी नाबालिग बेटी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

कर्ज के दबाव में माँ-बेटी ने की आत्महत्या, श्रीरामपुर गांव में पसरा मातम
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के गादी श्रीरामपुर गांव में सोमवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां कर्ज के दबाव से परेशान एक माँ और उसकी नाबालिग बेटी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे इलाके में शोक और सनसनी फैल गई है।

मृतकों की पहचान 40 वर्षीय पुतुल देवी और उनकी 16 वर्षीय बेटी स्नेहा कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, पुतुल देवी ने किसी महिला समूह से लगभग पांच लाख रुपये का लोन लिया था, जिसकी जानकारी उन्होंने परिवार वालों को नहीं दी थी। लोन की किस्तों को लेकर लगातार फोन आने से वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहती थीं और अक्सर रोती रहती थीं, हालांकि पूछे जाने पर भी वह अपनी परेशानी किसी से साझा नहीं करती थीं।
![]()
घटना का खुलासा उस समय हुआ, जब सुबह काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुला। शक होने पर परिजनों ने दरवाजा खोला तो देखा कि माँ और बेटी घर के अंदर फांसी के फंदे से लटकी हुई हैं। आनन-फानन में परिजन और स्थानीय ग्रामीणों ने दोनों को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मौके पर सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव एवं मुफ्फसिल थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर श्याम किशोर महतो पुलिस बल के साथ पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की।
इस संबंध में सदर एसडीपीओ ने बताया कि मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के गादी श्रीरामपुर में दो लोगों द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया है। इधर, इस दर्दनाक घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में मातम का माहौल है और हर कोई इस घटना से स्तब्ध है।




