उत्पाद सिपाही भर्ती पेपर लीक पर बवाल, 150 गिरफ्तारी के बाद भाजपा का प्रदर्शन l
गिरिडीह उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा के कथित पेपर लीक मामले में 150 अभ्यर्थियों की गिरफ्तारी के बाद जिले का राजनीतिक माहौल गरमा गया है।

उत्पाद सिपाही भर्ती पेपर लीक पर बवाल, 150 गिरफ्तारी के बाद भाजपा का प्रदर्शन l
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा के कथित पेपर लीक मामले में 150 अभ्यर्थियों की गिरफ्तारी के बाद जिले का राजनीतिक माहौल गरमा गया है। इस मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को शहर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा निकालते हुए टावर चौक पर मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया।

भाजपा विधायक जमुआ मंजू कुमारी के नेतृत्व में निकाली गई इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने विभिन्न मार्गों से मार्च करते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ का आरोप लगाया।

टावर चौक पहुंचने के बाद प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री का पुतला जलाकर अपना आक्रोश जाहिर किया। इस दौरान विधायक मंजू कुमारी ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार परीक्षा प्रणाली को संभालने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक जैसी घटनाएं सरकारी लापरवाही और भ्रष्टाचार का नतीजा हैं, जिससे मेहनती अभ्यर्थियों के सपने टूट रहे हैं।

उन्होंने मांग की कि मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए, तो पार्टी राज्यव्यापी आंदोलन छेड़ेगी।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा और स्थिति को नियंत्रण में बनाए रखा।
उक्त पेपर लीक मामले ने न केवल अभ्यर्थियों में भारी आक्रोश पैदा किया है, बल्कि राजनीतिक हलकों में भी हलचल तेज कर दी है। अब सबकी नजर सरकार की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।



