SIR पर सियासी संग्राम के बीच चुनाव आयोग के समर्थन में उतरे छोटेलाल यादव, बोले—‘बेहतर काम कर रहा आयोग’
स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) और ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर देशभर में जारी राजनीतिक बहस के बीच गिरिडीह जिला परिषद उपाध्यक्ष छोटेलाल यादव चुनाव आयोग के समर्थन में उतर आए हैं।

SIR पर सियासी संग्राम के बीच चुनाव आयोग के समर्थन में उतरे छोटेलाल यादव, बोले—‘बेहतर काम कर रहा आयोग’
गिरिडीह : मनोज कुमार।
गिरिडीह : स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) और ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर देशभर में जारी राजनीतिक बहस के बीच गिरिडीह जिला परिषद उपाध्यक्ष छोटेलाल यादव चुनाव आयोग के समर्थन में उतर आए हैं। गुरुवार को नया परिषदन भवन स्थित सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली का समर्थन किया। प्रेस वार्ता में भाजपा महानगर जिलाध्यक्ष रंजीत राय और ग्रामीण जिलाध्यक्ष महेंद्र वर्मा भी मौजूद रहे।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए छोटेलाल यादव ने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी दलों और संगठनों द्वारा प्रदर्शन कर इस्तीफे की मांग की जा रही है, जो उनके अनुसार उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि देशभर में SIR की प्रक्रिया चल रही है और निर्वाचन आयोग इस मामले में गंभीरता से काम कर रहा है।

उन्होंने कहा कि विपक्षी नेता चुनाव आयोग की प्रक्रिया को गलत बताकर जनता को भ्रमित कर रहे हैं। उनका दावा है कि पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से नहीं हटाए जाएंगे और आयोग की ओर से भी इस संबंध में निर्देश दिए गए हैं।
वहीं भाजपा ग्रामीण जिलाध्यक्ष महेंद्र वर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर जिलेभर में चल रहे कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जन्म उत्सव के तहत एक माह तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
महेंद्र वर्मा ने गिरिडीह नगर निगम की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर की जनता दूषित पेयजल और साफ-सफाई जैसी समस्याओं से जूझ रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भाजपा नगर निगम की कार्यप्रणाली के खिलाफ आंदोलन करेगी।
भाजपा महानगर जिलाध्यक्ष रंजीत राय ने शहर की कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर में छिनतई, चाकूबाजी, चोरी और मारपीट जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस प्रशासन अपराध पर अंकुश लगाने में विफल रहता है तो भाजपा सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।
प्रेस वार्ता के दौरान SIR, नगर निगम की व्यवस्था और शहर की कानून-व्यवस्था को लेकर भाजपा नेताओं ने सरकार और प्रशासन को घेरने की चेतावनी दी।




