PM मोदी के जन्मदिन पर भाजपा का बड़ा सेवा अभियान, एक महीने तक चलेगा ‘सेवा संकल्प’ कार्यक्रम
भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में एक महीने तक राष्ट्रव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी।

PM मोदी के जन्मदिन पर भाजपा का बड़ा सेवा अभियान, एक महीने तक चलेगा ‘सेवा संकल्प’ कार्यक्रम
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में एक महीने तक राष्ट्रव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। अभियान के जरिए जनसेवा के प्रति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रतिबद्धता को सामने रखने के साथ युवाओं को सेवा कार्यों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

गिरिडीह पहुंचे प्रतिपक्ष के नेता सह पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने भाजपा नगर मंडल द्वारा आयोजित कार्यक्रम में इस अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर से भी जुड़ा है।

अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ता आंगनवाड़ी केंद्रों तक पहुंचेंगे और आंगनवाड़ी सेविकाओं एवं कार्यकर्ताओं को सम्मानित करेंगे। इसके अलावा स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण समेत विभिन्न सेवा गतिविधियों में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया जाएगा।

वहीं, 7 अक्टूबर को जिला मुख्यालयों में ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ का आयोजन किया जाएगा। भाजपा नेताओं के मुताबिक, पूरे अभियान के दौरान सेवा और सामाजिक सरोकार से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम में महानगर जिलाध्यक्ष रंजीत राय, पूर्व विधायक निर्भय सहवादी, प्रदेश मंत्री दिलीप वर्मा, दिनेश यादव, चुन्नू कांत, सुनील पासवान, प्रकाश सेठ, विनय सिंह, प्रोफेसर विनीता कुमारी, जयशंकर सिन्हा ‘सिंकू’ समेत कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।




