NEET (UG) 2026: गिरिडीह में निष्पक्ष और शांतिपूर्ण परीक्षा के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार, 3 केंद्रों पर 1320 परीक्षार्थी होंगे शामिल
NEET (UG) 2026 परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। आगामी 3 मई 2026 को आयोजित होने वाली इस महत्वपूर्ण परीक्षा के लिए जिले में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

NEET (UG) 2026: गिरिडीह में निष्पक्ष और शांतिपूर्ण परीक्षा के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार, 3 केंद्रों पर 1320 परीक्षार्थी होंगे शामिल
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : गिरिडीह से बड़ी खबर है, जहां NEET (UG) 2026 परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। आगामी 3 मई 2026 को आयोजित होने वाली इस महत्वपूर्ण परीक्षा के लिए जिले में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

उपायुक्त रामनिवास यादव ने तैयारियों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट किया है कि परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिले में कुल तीन परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। डिस्ट्रिक्ट सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, पचंबा में 480, गिरिडीह प्लस टू उच्च विद्यालय में 360 और सर जेसी बोस स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में 480 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इस प्रकार कुल 1320 अभ्यर्थी इस परीक्षा में भाग लेंगे।

प्रशासन की ओर से सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, स्वच्छ शौचालय, बिजली और पर्याप्त बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही गर्मी को ध्यान में रखते हुए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया है।
परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रत्येक केंद्र पर दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रवेश के समय परीक्षार्थियों की सघन जांच होगी और मोबाइल फोन व अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
उपायुक्त ने सभी केंद्राधीक्षकों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे परीक्षा से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई करें। साथ ही विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया है।
जिला प्रशासन ने सभी परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे समय से पहले अपने परीक्षा केंद्र पर पहुंचें और निर्धारित नियमों का पालन करते हुए परीक्षा में शामिल हों। प्रशासन का दावा है कि निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा के लिए सभी जरूरी इंतजाम पूरी तरह दुरुस्त हैं।


