NEET-2026 में गिरिडीह की बेटी का कमाल: सरस्वती शिशु विद्या मंदिर की आराध्या सिंह ने 564 अंक हासिल कर बढ़ाया जिले का मान
सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बरगंडा-गिरिडीह की होनहार छात्रा कुमारी आराध्या सिंह ने NEET-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 720 में से 564 अंक प्राप्त किए हैं। इस उपलब्धि के साथ आराध्या ने न सिर्फ अपने विद्यालय, बल्कि पूरे गिरिडीह जिले का नाम रोशन किया है।

NEET-2026 में गिरिडीह की बेटी का कमाल: सरस्वती शिशु विद्या मंदिर की आराध्या सिंह ने 564 अंक हासिल कर बढ़ाया जिले का मान
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बरगंडा-गिरिडीह की होनहार छात्रा कुमारी आराध्या सिंह ने NEET-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 720 में से 564 अंक प्राप्त किए हैं। इस उपलब्धि के साथ आराध्या ने न सिर्फ अपने विद्यालय, बल्कि पूरे गिरिडीह जिले का नाम रोशन किया है।

आराध्या की सफलता पर विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल रहा। वंदना सभा के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य आनंद कमल ने आराध्या सिंह को मंच पर सम्मानित करते हुए कहा कि यह सफलता केवल एक छात्रा की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे विद्यालय परिवार की मेहनत, अनुशासन और संस्कारों का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि आराध्या ने अपनी लगन, निष्ठा और कठिन परिश्रम से यह सिद्ध कर दिया है कि दृढ़ संकल्प के साथ हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं से आराध्या से प्रेरणा लेकर अपने सपनों को साकार करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर आचार्य अजित मिश्र ने आराध्या की सफलता को गिरिडीह जिले के लिए गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि विद्यालय के सभी आचार्यों और दीदियों की मेहनत का सम्मान है। उन्होंने विश्वास जताया कि आराध्या भविष्य में चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवा देकर विद्यालय और जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगी।
बताया गया कि आराध्या सिंह ने वर्ष 2022 की दसवीं बोर्ड परीक्षा में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था। अपनी सफलता पर आराध्या ने इसका श्रेय विद्यालय के प्रधानाचार्य, सभी आचार्य-दीदी तथा अपने माता-पिता के मार्गदर्शन, आशीर्वाद और सहयोग को दिया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने आराध्या सिंह के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें चिकित्सा जगत में एक सफल और आदर्श चिकित्सक बनने की शुभकामनाएं दीं।




