KGBV जमुआ में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत पौधारोपण, साइबर जागरूकता व बाल संरक्षण कार्यशाला आयोजित
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (KGBV), जमुआ में शुक्रवार को जिला समाज कल्याण शाखा, गिरिडीह द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ (BBBP) अभियान के तहत पौधारोपण, साइबर जागरूकता एवं बाल संरक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया।

KGBV जमुआ में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत पौधारोपण, साइबर जागरूकता व बाल संरक्षण कार्यशाला आयोजित
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (KGBV), जमुआ में शुक्रवार को जिला समाज कल्याण शाखा, गिरिडीह द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ (BBBP) अभियान के तहत पौधारोपण, साइबर जागरूकता एवं बाल संरक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार और बालिका सशक्तिकरण का संदेश दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिसर में पौधारोपण से हुई। छात्राओं एवं अधिकारियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि जिस प्रकार एक पौधे का संरक्षण आवश्यक है, उसी प्रकार प्रत्येक बालिका की शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तिकरण भी समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

इसके बाद आयोजित साइबर जागरूकता कार्यशाला में छात्राओं को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया के दुरुपयोग, साइबर बुलिंग तथा ओटीपी साझा करने जैसी गलतियों से बचने के उपाय बताए गए। साथ ही मजबूत पासवर्ड का उपयोग, निजी जानकारी सुरक्षित रखने तथा किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में 1930 साइबर हेल्पलाइन और www.cybercrime.gov.in� पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।

कार्यशाला में बाल विवाह, बाल मजदूरी, मानव तस्करी (ट्रैफिकिंग), बाल अधिकार एवं बच्चों की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। छात्राओं को इन सामाजिक कुरीतियों के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना संबंधित विभाग एवं चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर देने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई। छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने, शिक्षा प्राप्त करने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण शाखा, गिरिडीह से बिक्कु कुमार यादव, विकास कुमार, नीलम मंडल एवं अर्चना कुमारी उपस्थित रहे। सभी ने छात्राओं से पर्यावरण संरक्षण, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने तथा बाल विवाह, बाल मजदूरी और मानव तस्करी जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जागरूक रहने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने पौधों के संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन, साइबर अपराध से बचाव, बाल विवाह एवं बाल मजदूरी उन्मूलन, मानव तस्करी की रोकथाम तथा बालिका सशक्तिकरण का सामूहिक संकल्प लिया।



