Breaking Newsझारखण्डटेक्नोलॉजीताजा खबरदुनियादेशलाइफस्टाइललाइव न्यूज़

JPSC-JSSC में कथित घोटालों के विरोध में भाजपा का मशाल जुलूस, आंदोलनरत छात्रों के समर्थन में उठी न्याय की आवाज

झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) एवं झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को गिरिडीह में विशाल मशाल जुलूस निकाला।

JPSC-JSSC में कथित घोटालों के विरोध में भाजपा का मशाल जुलूस, आंदोलनरत छात्रों के समर्थन में उठी न्याय की आवाज

गिरिडीह, मनोज कुमार।

गिरिडीह, 31 जुलाई : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) एवं झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को गिरिडीह में विशाल मशाल जुलूस निकाला। भाजपा के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर महानगर जिलाध्यक्ष रंजित कुमार राय के नेतृत्व में झंडा मैदान से टावर चौक तक आयोजित इस जुलूस में बड़ी संख्या में भाजपा, भाजयुमो के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, छात्र एवं युवा शामिल हुए।

मशाल जुलूस के दौरान कार्यकर्ताओं ने युवाओं के भविष्य की सुरक्षा, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया तथा भ्रष्टाचारमुक्त व्यवस्था की मांग को लेकर नारेबाजी की। टावर चौक पहुंचकर आयोजित सभा में राज्य सरकार से JPSC एवं JSSC की भर्ती प्रक्रियाओं में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।

भाजपा महानगर जिलाध्यक्ष रंजित कुमार राय ने कहा कि झारखंड का युवा अपने भविष्य को लेकर चिंतित है। जिन परीक्षाओं से युवाओं के सपनों को उड़ान मिलनी चाहिए, उन पर लगातार सवाल उठना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भाजपा युवाओं के अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय स्वीकार नहीं करेगी और यह मशाल जुलूस युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने का संकल्प है।

भाजयुमो प्रदेश मंत्री संजीव कुमार ने कहा कि झारखंड का छात्र अपने अधिकार और न्याय की लड़ाई लड़ रहा है तथा भारतीय जनता युवा मोर्चा हर संघर्षरत छात्र के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने कहा कि सरकार को ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए, जिससे प्रतिभा और मेहनत का सम्मान हो तथा भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और विश्वसनीय बने।

भाजपा ग्रामीण जिलाध्यक्ष ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता लोकतांत्रिक व्यवस्था की पहचान है। यदि युवाओं का विश्वास व्यवस्था से उठने लगे तो यह राज्य के भविष्य के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक तरीके से युवाओं की आवाज उठाती रहेगी और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।

जिला मंत्री सुरेश प्रसाद मंडल ने कहा कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि झारखंड के लाखों मेहनती युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिए है। उन्होंने कहा कि वर्षों की मेहनत के बाद परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों को निष्पक्ष अवसर मिलना उनका अधिकार है और भाजपा पारदर्शी एवं भ्रष्टाचारमुक्त भर्ती प्रणाली सुनिश्चित होने तक अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।

कार्यक्रम के अंत में भाजपा नेताओं ने JPSC एवं JSSC से जुड़े सभी कथित मामलों की निष्पक्ष जांच, दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई तथा भविष्य में पारदर्शी एवं विश्वसनीय भर्ती व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग दोहराई।
इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष महादेव दूबे, दिनेश यादव, विनय सिंह, चुन्नू कांत, नवीन सिन्हा, संदीप डायंगच, संजीव कुमार, सिंकू सिन्हा, माखन चंद्रवंशी, श्रेयस सिन्हा, बबलू दास, गोपी तुरी, सुमन सिन्हा, उज्ज्वल साव, मनीष वर्मा, राहुल राज, अभिनवजीत, विनीता कुमारी, संजू देवी समेत बड़ी संख्या में भाजपा एवं भाजयुमो के कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button