3 नवंबर के शक्ति प्रदर्शन की तैयारी में जुटी भाजपा, पीरटांड़ में अमर बाउरी ने संभाली कमान कठवारा में हुई अहम बैठक
आगामी 3 नवंबर को गिरिडीह के झंडा मैदान में आयोजित होने वाले भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पार्टी ने संगठनात्मक ताकत झोंक दी है।

3 नवंबर के शक्ति प्रदर्शन की तैयारी में जुटी भाजपा, पीरटांड़ में अमर बाउरी ने संभाली कमान कठवारा में हुई अहम बैठक, कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : आगामी 3 नवंबर को गिरिडीह के झंडा मैदान में आयोजित होने वाले भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पार्टी ने संगठनात्मक ताकत झोंक दी है। इसी कड़ी में रविवार को गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र के पीरटांड़ प्रखंड अंतर्गत कठवारा में महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में भाजपा के प्रदेश महामंत्री अमर बाउरी मुख्य रूप से शामिल हुए।

बैठक में महानगर जिलाध्यक्ष रंजीत राय, पूर्व मेयर सुनील पासवान, मनोज साहू, देवराज समेत कई वरिष्ठ भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में 3 नवंबर के कार्यक्रम की तैयारियों, अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी और संगठन के विभिन्न स्तरों पर कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
इस दौरान अमर बाउरी ने कार्यकर्ताओं को स्पष्ट संदेश दिया कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए घर-घर तक पहुंच बनाएं। उन्होंने हेमंत सरकार के कार्यकाल से असंतुष्ट लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित करने तथा अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
पीरटांड़ से जनसमर्थन जुटाने की रणनीति
राजनीतिक नजरिए से देखें तो भाजपा की यह बैठक महज एक संगठनात्मक औपचारिकता नहीं, बल्कि 3 नवंबर के कार्यक्रम के लिए जनसमर्थन जुटाने की रणनीति का हिस्सा है। प्रदेश स्तर के नेताओं का स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करना बताता है कि पार्टी इस आयोजन को बड़े राजनीतिक मंच के रूप में स्थापित करने की तैयारी में है।
‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के नारे के जरिए भाजपा राज्य की हेमंत सोरेन सरकार को घेरने और शासन व्यवस्था को राजनीतिक बहस के केंद्र में लाने की कोशिश कर रही है। अब देखना होगा कि 3 नवंबर को झंडा मैदान में भाजपा अपने इस अभियान के जरिए कितनी बड़ी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन कर पाती है।




