15 अगस्त की तैयारियों में जुटा प्रशासन, 13 अगस्त तक सभी इंतजाम पूरे करने का डीसी रामनिवास यादव का निर्देश
स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य, गरिमामय और सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में सभी विभागों को 13 अगस्त तक आवश्यक व्यवस्थाएं हर हाल में पूरी करने का निर्देश दिया गया।

15 अगस्त की तैयारियों में जुटा प्रशासन, 13 अगस्त तक सभी इंतजाम पूरे करने का डीसी रामनिवास यादव का निर्देश
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य, गरिमामय और सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में सभी विभागों को 13 अगस्त तक आवश्यक व्यवस्थाएं हर हाल में पूरी करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में बताया गया कि जिला स्तरीय मुख्य समारोह 15 अगस्त को सुबह 9 बजे झंडा मैदान, गिरिडीह में आयोजित होगा, जहां राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। वहीं जिले के सभी अनुमंडलों, प्रखंडों, पंचायतों, सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में भी ध्वजारोहण किया जाएगा।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि 9 से 13 अगस्त तक परेड का नियमित पूर्वाभ्यास कराया जाए। इस वर्ष मुख्य समारोह में 12 परेड टुकड़ियां भाग लेंगी। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का पर्व है, इसलिए सभी तैयारियां समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सुबह 7 बजे प्रभात फेरी निकाली जाएगी, जबकि शाम 5 बजे नगर भवन में भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा। इसके लिए विद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों के छात्र-छात्राओं द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
उपायुक्त ने झंडा मैदान में रंग-रोगन, साफ-सफाई, मंच, बैरिकेडिंग, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, मेडिकल टीम, एम्बुलेंस, पानी का टैंकर तथा अग्निशमन वाहन सहित सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

नगर निगम को शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और महापुरुषों की प्रतिमाओं की विशेष साफ-सफाई, रंग-रोगन एवं सौंदर्यीकरण कराने का निर्देश भी दिया गया। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह में स्वतंत्रता सेनानियों, शहीदों के परिजनों, झारखंड आंदोलनकारियों, प्रगतिशील किसानों, उत्कृष्ट चिकित्सकों, स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की महिलाओं तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा।

इसके अलावा उपायुक्त ने उत्पाद विभाग को 15 अगस्त को ड्राई डे के निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने और जिले में शराब बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रखने का निर्देश दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, नगर आयुक्त विजय सिंह बीरूआ, अपर समाहर्ता वैभव कुमार सिंह, सहायक समाहर्ता यश कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी धीरेंद्र कुमार सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


