129वें गोपाष्टमी मेले का शाही आगाज! डीसी-डीएफओ ने किया उद्घाटन, 10 दिनों तक पचंबा में उमड़ेगा जनसैलाब
गिरिडीह के ऐतिहासिक पचंबा श्री गोपाल गौशाला परिसर में 129वें गोपाष्टमी मेले का मंगलवार को भव्य शुभारंभ हुआ।

129वें गोपाष्टमी मेले का शाही आगाज! डीसी-डीएफओ ने किया उद्घाटन, 10 दिनों तक पचंबा में उमड़ेगा जनसैलाब
झूले, चलंत मूर्ति घर और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे खास आकर्षण, सुरक्षा के लिए चप्पे-चप्पे पर CCTV और पुलिस की तैनाती
गिरिडीह : मनोज कुमार।
गिरिडीह : गिरिडीह के ऐतिहासिक पचंबा श्री गोपाल गौशाला परिसर में 129वें गोपाष्टमी मेले का मंगलवार को भव्य शुभारंभ हुआ। उपायुक्त रामनिवास यादव और डीएफओ मनीष तिवारी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया। सबसे पहले चलंत मूर्ति घर का उद्घाटन किया गया, जिसके बाद दीप प्रज्वलित कर मेले की विधिवत शुरुआत की गई। इस दौरान अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया।

17 नवंबर से शुरू हुआ यह ऐतिहासिक मेला अगले 10 दिनों तक चलेगा। मेले को लेकर पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल है। बच्चों से लेकर बड़ों तक के मनोरंजन के लिए तरह-तरह के आकर्षक झूले, चलंत मूर्ति घर, खिलौनों की दुकानें, घरेलू उपयोग के सामान और लजीज व्यंजनों के स्टॉल सजाए गए हैं। वहीं, प्रतिदिन आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बाहरी कलाकारों के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को भी अपनी कला दिखाने का अवसर मिलेगा।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि पचंबा गोपाष्टमी मेले का जिलेवासियों को हर साल बेसब्री से इंतजार रहता है। वर्षों से इस ऐतिहासिक मेले का सफल आयोजन होना गिरिडीह के लिए गौरव की बात है। उन्होंने गौ माता की सेवा को सभी का दायित्व बताते हुए कहा कि मेला समिति के साथ जिला प्रशासन भी मेले के सफल आयोजन में हरसंभव सहयोग करेगा।

वहीं, मेला संयोजक मुकेश साहू ने कहा कि पचंबा गोपाल गौशाला मेला सिर्फ मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि गिरिडीह की ऐतिहासिक और पारंपरिक पहचान का प्रतीक है। यहां गिरिडीह के अलावा आसपास के कई जिलों से लोग पहुंचते हैं। हर वर्ष की तरह इस बार भी लोगों के मनोरंजन के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि मेले में सुरक्षा को लेकर व्यापक व्यवस्था की गई है। पूरे मेला परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और पुलिस जवानों की तैनाती की गई है, ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

मौके पर मेला संयोजक मुकेश साहू, निवर्तमान कार्यकारी अध्यक्ष श्रवण केडिया, कार्यकारी अध्यक्ष प्रदीप डोकनिया सहित समिति के कई पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। मेले के सफल आयोजन में प्रमोद अग्रवाल,बांके बिहारी शर्मा, मुकेश जालान,नीलू केडिया, मुकेश जलान, सतीश केडिया, प्रमोद कुमार, लड्डू बागड़िया, नरेंद्र सिंह, इरफान अंसारी सहित अन्य सदस्यों की मेला आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका रही।




