12 फरवरी भारत बंद का आह्वान, जन-विरोधी नीतियों के खिलाफ एकजुट संघर्ष का संकल्प : राज कुमार यादव
भाकपा (माले) के वरिष्ठ नेता सह धनवार के पूर्व विधायक राज कुमार यादव ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की कृषि-मजदूर विरोधी, किसान-विरोधी, श्रमिक-विरोधी और जन-विरोधी कानूनों व नीतियों के खिलाफ आगामी 12 फरवरी को भारत बंद का आह्वान किया गया है।

12 फरवरी भारत बंद का आह्वान, जन-विरोधी नीतियों के खिलाफ एकजुट संघर्ष का संकल्प : राज कुमार यादव
गिरिडीह : मनोज कुमार।
गिरिडीह : भाकपा (माले) के वरिष्ठ नेता सह धनवार के पूर्व विधायक राज कुमार यादव ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की कृषि-मजदूर विरोधी, किसान-विरोधी, श्रमिक-विरोधी और जन-विरोधी कानूनों व नीतियों के खिलाफ आगामी 12 फरवरी को भारत बंद का आह्वान किया गया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की नीतियां किसानों, मजदूरों और आम जनता के हितों के खिलाफ हैं। ऐसे में जब तक इन जन-विरोधी कानूनों और नीतियों को निरस्त नहीं किया जाता, तब तक इनके खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष जारी रहेगा।
राज कुमार यादव यह बातें भाकपा (माले) के वरिष्ठ नेता स्व. महेन्द्र सिंह के शहादत दिवस कार्यक्रम के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि पार्टी और जनसंगठन जनता की एकता को मजबूत करने के लिए लगातार काम करते रहेंगे और ऐसे जनहितैषी कानूनों व नीतियों की मांग करेंगे, जो जनता के बुनियादी अधिकारों और सम्मानजनक जीवन को सुनिश्चित करें।
उन्होंने आगे कहा कि इस लक्ष्य की प्राप्ति तक अखिल भारतीय स्तर पर निरंतर और संगठित संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया गया है। इस अवसर पर किसानों और मेहनतकश लोगों ने भी भाजपा के नेतृत्व वाली राजग सरकार की किसान-विरोधी, मजदूर-विरोधी और कॉरपोरेट समर्थक नीतियों के खिलाफ एकजुट संघर्ष जारी रखने का नव वर्ष का संकल्प लिया।
प्रेस वार्ता में भाकपा (माले) नेता राजेश सिन्हा भी मौजूद थे।




