12 घंटे में नवविवाहिता हत्याकांड का खुलासा, पति गिरफ्तार; मोबाइल कॉल बना हत्या की वजह l
पीरटांड़ थाना क्षेत्र के हरकट्टा नाला से बरामद नवविवाहिता के सड़े-गले शव मामले का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

12 घंटे में नवविवाहिता हत्याकांड का खुलासा, पति गिरफ्तार; मोबाइल कॉल बना हत्या की वजह
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : पीरटांड़ थाना क्षेत्र के हरकट्टा नाला से बरामद नवविवाहिता के सड़े-गले शव मामले का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद गठित एसआईटी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया और उसकी निशानदेही पर हत्या से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद किए।

पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आबिद खान के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने मामले की जांच की। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसका विवाह 9 मार्च 2026 को प्रेम प्रसंग के बाद हुआ था। विवाह के बाद उसे अपनी पत्नी पर किसी अन्य युवक से बातचीत करने का संदेह था।
पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन पत्नी के मोबाइल पर दूसरे युवक का फोन आने के बाद आरोपी गुस्से में आ गया और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को ठिकाने लगाने की नीयत से हरकट्टा नाला के पास झाड़ियों में छिपा दिया और ऊपर से खेत की घास डाल दी। वारदात के बाद आरोपी सामान्य व्यवहार करते हुए घर लौट आया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या का दूसरा घटनास्थल भी चिन्हित किया, जहां गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। वहीं झाड़ियों से मृतका की गुलाबी रंग की एक जोड़ी चप्पल भी बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी के पास से एक ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुन्नालाल किस्कू (19 वर्ष), पिता गोराचंद किस्कू, ग्राम धावाटांड़ टोला, हरकट्टा, थाना पीरटांड़, जिला गिरिडीह के रूप में हुई है।
इस कार्रवाई में एसडीपीओ आबिद खान, पीरटांड़ थाना प्रभारी जितेन्द्र कुमार सिंह समेत रिवर्ज गार्ड के पुलिसकर्मियों की टीम शामिल रही। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के लिए आगे भेज दिया है।



