Breaking Newsझारखण्डटेक्नोलॉजीताजा खबरत्योहारदुनियादेशलाइफस्टाइललाइव न्यूज़

हुट्टी बाजार में सजा भव्य गणपति दरबार, केदारनाथ मंदिर की थीम बनी आकर्षण का केंद्र

शहर के हुट्टी बाजार में नवयुवक संघ समिति की ओर से आयोजित तीन दिवसीय गणपति पूजा महोत्सव का सोमवार, 14 सितंबर से धूमधाम के साथ शुभारंभ हो गया।

हुट्टी बाजार में सजा भव्य गणपति दरबार, केदारनाथ मंदिर की थीम बनी आकर्षण का केंद्र

गिरिडीह, मनोज कुमार।

गिरिडीह : शहर के हुट्टी बाजार में नवयुवक संघ समिति की ओर से आयोजित तीन दिवसीय गणपति पूजा महोत्सव का सोमवार, 14 सितंबर से धूमधाम के साथ शुभारंभ हो गया। गणपति महोत्सव को लेकर पूरे हुट्टी बाजार में उत्साह और भक्तिमय माहौल देखने को मिल रहा है।

इस वर्ष गणपति पूजा का सबसे बड़ा आकर्षण श्री केदारनाथ मंदिर की थीम पर तैयार किया गया भव्य पूजा पंडाल है। बंगाल के कुशल कारीगरों द्वारा दिन-रात मेहनत कर तैयार किए गए इस पंडाल को बेहद आकर्षक रूप दिया गया है। पंडाल की भव्यता श्रद्धालुओं को अपनी ओर खींच रही है।

पूजा स्थल पर आकर्षक गणपति प्रतिमा की स्थापना की गई है। वहीं, पंडाल और आसपास के पूरे क्षेत्र में विशेष लाइटिंग की व्यवस्था की गई है। शाम के समय रोशनी से सजा पूजा पंडाल और भी मनमोहक नजर आएगा।
श्रद्धालुओं के लिए पूजा-अर्चना और गणपति दर्शन की विशेष व्यवस्था की गई है। महोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के हुट्टी बाजार पहुंचने की उम्मीद है।

पूजा समिति के सदस्य सत्यप्रकाश साहा ने बताया कि इस वर्ष समिति ने श्रद्धालुओं को हुट्टी बाजार में केदारनाथ मंदिर की भव्य झलक दिखाने का प्रयास किया है। पंडाल निर्माण में बंगाल के कारीगरों ने काफी मेहनत की है और समिति के सभी सदस्य महोत्सव को लेकर उत्साहित हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि केदारनाथ मंदिर की थीम शहरवासियों और श्रद्धालुओं को काफी पसंद आएगी।

वहीं, समिति के सदस्य विक्की साव ने बताया कि नवयुवक संघ समिति पिछले 26 वर्षों से हुट्टी बाजार में गणेश पूजा का आयोजन करती आ रही है। हर वर्ष अलग-अलग थीम पर पूजा पंडाल तैयार किया जाता है, जिसे गिरिडीहवासियों का भरपूर प्यार मिलता है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष केदारनाथ मंदिर की थीम पर विशेष पंडाल तैयार कराया गया है।

समिति का उद्देश्य तीन दिवसीय गणपति महोत्सव को भव्य और सफल बनाना है, ताकि शहरवासियों को धार्मिक उत्सव का आनंद लेने के साथ-साथ केदारनाथ मंदिर की भव्य थीम वाले पूजा पंडाल का दीदार करने का अवसर मिल सके।
गणपति बप्पा मोरया के जयघोष से गूंज रहा हुट्टी बाजार, श्रद्धा और भक्ति के रंग में रंगा गिरिडीह।

Related Articles

Back to top button