स्कूल जा रहे बच्चों से भरे टेंपो को ट्रक ने मारी टक्कर, कई छात्र घायल l
गिरिडीह के अहिल्यापुर थाना क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां स्कूल जा रहे बच्चों से भरे एक टेंपो को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में कई बच्चे घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

स्कूल जा रहे बच्चों से भरे टेंपो को ट्रक ने मारी टक्कर, कई छात्र घायल l
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : गिरिडीह के अहिल्यापुर थाना क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां स्कूल जा रहे बच्चों से भरे एक टेंपो को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में कई बच्चे घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
शनिवार सुबह बेलाटांड़ गांव के पास गिरिडीह-जामताड़ा मुख्य मार्ग पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब स्कूल जा रहे बच्चों से भरे एक टेंपो को सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो में सवार कई बच्चे घायल हो गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

घायलों में घोसको गांव निवासी 8 वर्षीय पियूष कुमार वर्मा भी शामिल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर किया गया है। पियूष के पिता पप्पू वर्मा ने बताया कि उनका बेटा रोज की तरह सुबह स्कूल जा रहा था, तभी यह हादसा हो गया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंचे तथा सभी घायल बच्चों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। अन्य घायल बच्चों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। अहिल्यापुर थाना पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही फरार चालक की तलाश तेज कर दी गई है।
फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। इस हादसे ने एक बार फिर स्कूल वाहनों की सुरक्षा और सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों के खतरे को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।





