सरिया में माले का जोरदार प्रदर्शन पूर्व विधायक विनोद सिंह के नेतृत्व में थाना घेराव BDO पर मुकदमा दर्ज करने की मांग
सरिया प्रखंड प्रशासन और बीडीओ के खिलाफ भाकपा-माले कार्यकर्ताओं का आक्रोश मंगलवार को सड़कों पर फूट पड़ा।

सरिया में माले का जोरदार प्रदर्शन पूर्व विधायक विनोद सिंह के नेतृत्व में थाना घेराव BDO पर मुकदमा दर्ज करने की मांग
गिरिडीह : मनोज कुमार।
गिरिडीह : सरिया प्रखंड प्रशासन और बीडीओ के खिलाफ भाकपा-माले कार्यकर्ताओं का आक्रोश मंगलवार को सड़कों पर फूट पड़ा। पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह के नेतृत्व में हजारों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने सरिया हाई स्कूल मैदान से थाना तक विशाल विरोध मार्च निकाला और थाने के मुख्य द्वार पर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए।

हाथों में तख्तियां और बैनर लिए प्रदर्शनकारी प्रशासन विरोधी नारे लगा रहे थे। प्रदर्शन के दौरान “सरिया बीडीओ होश में आओ”, “सरिया प्रशासन जुल्म करना बंद करो” और “बीडीओ ललित नारायण तिवारी पर मुकदमा दर्ज करो” जैसे गगनभेदी नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।थाना गेट पर धरने को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह ने कहा कि सरिया प्रशासन आम ग्रामीणों पर जुल्म ढा रहा है।

निर्दोष ग्रामीणों पर फर्जी मुकदमे लादे जा रहे हैं, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा जब तक बीडीओ ललित नारायण तिवारी के खिलाफ विधिवत मुकदमा दर्ज नहीं किया जाता, तब तक धरना समाप्त नहीं होगा। ग्रामीणों पर दर्ज किए गए सभी फर्जी और बेबुनियाद मुकदमों को अविलंब वापस लिया जाए।
थाना परिसर के बाहर भारी संख्या में कार्यकर्ताओं के डटे रहने से प्रशासनिक हलके में हड़कंप मच गया है। स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात है।



