शत-प्रतिशत रिजल्ट पर गदगद हुए विधायक संजीव सरदार, प्रोजेक्ट बालिका विद्यालय की व्यवस्था देख जताई संतुष्टि।
पोटका के विधायक संजीव सरदार ने बुधवार को प्रखंड स्थित प्रोजेक्ट बालिका प्लस टू उच्च विद्यालय, पोटका का औचक निरीक्षण किया।

शत-प्रतिशत रिजल्ट पर गदगद हुए विधायक संजीव सरदार, प्रोजेक्ट बालिका विद्यालय की व्यवस्था देख जताई संतुष्टि।
अभिजीत सेन।
जमशेदपुर/पोटका
पोटका के विधायक संजीव सरदार ने बुधवार को प्रखंड स्थित प्रोजेक्ट बालिका प्लस टू उच्च विद्यालय, पोटका का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर में झारखंड शिक्षा विभाग की ओर से निर्माणाधीन चार कमरों वाले भवन का जायजा लिया तथा निर्माण कार्य की गुणवत्ता की बारीकी से जांच की। मौके पर मौजूद संवेदक के प्रतिनिधि को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्य को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने का निर्देश दिया।

भवन निरीक्षण के बाद विधायक कक्षा 9 से 12 तक के विभिन्न कक्षाओं में पहुंचे और छात्राओं से सीधे बातचीत कर शिक्षा व्यवस्था, पढ़ाई की गुणवत्ता तथा विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की पठन-पाठन व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। विधायक ने प्रधानाध्यापक सुधांशु कुमार मंडल से भी विस्तृत चर्चा करते हुए शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने तथा छात्राओं को प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं के लिए तैयार करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने इस वर्ष मेट्रिक एवं इंटरमीडिएट के तीनों संकायों में विद्यालय द्वारा प्राप्त शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम की सराहना की। उन्होंने छात्राओं और शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। विधायक ने छात्राओं को निरंतर मेहनत कर उच्च शिक्षा की ओर अग्रसर होने तथा अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
निरीक्षण के उपरांत विधायक संजीव सरदार ने कहा कि विद्यालय में चल रहा भवन निर्माण कार्य संतोषजनक है, हालांकि कुछ तकनीकी कमियां सामने आई हैं, जिन्हें तत्काल सुधारने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था बेहतर है और छात्राओं को राज्य सरकार की विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं की जानकारी भी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार बेटियों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और उनका प्रयास है कि पोटका क्षेत्र की छात्राएं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर उच्च पदों तक पहुंचे तथा समाज और राज्य के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।






