विश्व पर्यटन दिवस पर खंडोली डैम में पौधारोपण, साफ-सफाई और वाटर स्पोर्ट्स कार्यक्रम का हुआ आयोजन
विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर गिरिडीह पर्यटन विभाग की ओर से खंडोली डैम परिसर में पौधारोपण, साफ-सफाई अभियान और वाटर स्पोर्ट्स जैसे विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।

विश्व पर्यटन दिवस पर खंडोली डैम में पौधारोपण, साफ-सफाई और वाटर स्पोर्ट्स कार्यक्रम का हुआ आयोजन
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर गिरिडीह पर्यटन विभाग की ओर से खंडोली डैम परिसर में पौधारोपण, साफ-सफाई अभियान और वाटर स्पोर्ट्स जैसे विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में विद्यालय और खेल विभाग के प्रशिक्षण केंद्र से जुड़े छात्रों ने भाग लिया। इस दौरान उन्हें पर्यटन स्थल की विशेषताओं, स्वच्छता और पर्यटन क्षेत्र के भविष्य की संभावनाओं के बारे में जानकारी दी गई।

बता दें कि बेंगाबाद थाना क्षेत्र स्थित खंडोली डैम करीब 71 वर्ष पुराना है और इसे पर्यटन विभाग द्वारा ए-कैटेगरी में अधिसूचित किया गया है। यहां न केवल देश बल्कि विदेशों से भी पर्यटक घूमने आते हैं। पर्यटकों की लगातार बढ़ती संख्या के कारण आसपास व्यावसायिक संभावनाएं भी तेजी से विकसित हो रही हैं। वहीं खंडोली का पहाड़, पार्क, झरने के रूप में गिरता पानी, प्रवासी साइबेरियन पक्षी और आसपास के मनोरम दृश्य पर्यटकों को आकर्षित करते हैं।

जिला पर्यटन नोडल पदाधिकारी अर्जुन बारला ने बताया कि खंडोली डैम गिरिडीह का प्रमुख पर्यटन स्थल है और यहां हर साल पर्यटकों की संख्या बढ़ रही है। इसके दीर्घकालिक विकास को लेकर सरकार को प्रपोजल भेजा गया है, जिससे आने वाले समय में यहां और अधिक पर्यटक आकर्षित होंगे। इस मौके पर जिला पर्यटन विशेषज्ञ अमन राज, आशुतोष कुमार, मुख्य प्रशिक्षक कोच मुकेश कुमार एवं रघुराज रोशन मौजूद रहे।



