विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा पर सवाल, सरस्वती पूजा समिति ने सौंपा ज्ञापन
विश्वविद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सरस्वती पूजा समिति के अध्यक्ष निशि मेहता ने कुलपति को ज्ञापन सौंपकर परिसर में बढ़ती अव्यवस्था, धमकी और अभद्र व्यवहार की घटनाओं पर चिंता जताई है।

विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा पर सवाल, सरस्वती पूजा समिति ने सौंपा ज्ञापन
हजारीबाग : विश्वविद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सरस्वती पूजा समिति के अध्यक्ष निशि मेहता ने कुलपति को ज्ञापन सौंपकर परिसर में बढ़ती अव्यवस्था, धमकी और अभद्र व्यवहार की घटनाओं पर चिंता जताई है।

ज्ञापन में बताया गया है कि मंगलवार को सरस्वती पूजा आयोजन से संबंधित कार्य के दौरान जब वे शाम करीब चार बजे विश्वविद्यालय परिसर से बाहर जा रहे थे, तब मुख्य गेट पर आमरण अनशन पर बैठे तथाकथित छात्र नेता से जुड़े एक विवाद को लेकर हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई। सोशल मीडिया पर हुई बातचीत को लेकर एक छात्रा द्वारा आरोप-प्रत्यारोप किया जा रहा था,

जिसका वीडियो कुछ लोग बना रहे थे। इसी दौरान बाहर से कुछ लोग परिसर में प्रवेश कर गए, जो अनशन पर बैठे छात्र के माता-पिता, भाई तथा अन्य लोग प्रतीत हो रहे थे। आरोप है कि इन लोगों ने परिसर में खड़े छात्रों के साथ गाली-गलौज की और मारने की धमकी भी दी, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
निशि मेहता ने पत्र में उल्लेख किया है कि विश्वविद्यालय में इस तरह की घटनाएं लगातार हो रही हैं, जिससे न केवल संस्थान की छवि धूमिल हो रही है, बल्कि छात्र-छात्राएं भी भय के माहौल में रहने को मजबूर हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से आग्रह किया है कि परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच कर दोषियों पर उचित कार्रवाई की जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसकी ठोस व्यवस्था की जाए।
ज्ञापन में यह भी चेतावनी दी गई है कि यदि दो दिनों के भीतर मामले में संज्ञान नहीं लिया गया तो सरस्वती पूजा समिति आंदोलन के लिए बाध्य होगी।




