विद्यालय स्वास्थ्य एवम कल्याण कार्यक्रम का जिलावार उद्घाटन किया गया ।
विद्यालय स्वास्थ्य एवम कल्याण कार्यक्रम का जिलावार उद्घाटन किया गया ।

विश्व युवा दिवस के उपलक्ष्य में शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा सेंटर फॉर कैटालाइजिंग चेंज (सी-3) के तकनीकी सहयोग से विद्यालय स्वास्थ्य एवम कल्याण कार्यक्रम का जिलावार उद्घाटन किया गया ।

हजारीबाग: इस उद्घाटन कार्यक्रम के अंतर्गत सभी प्रखंडों से चयनित एक विद्यालय में प्रभात फेरी, विद्यालय स्वास्थ्य एवम कल्याण कार्यक्रम के विषयों पर परिचर्चा तथा स्वास्थ्य जांच कैंप का आयोजन किया गया तथा अन्य सभी विद्यालयों में बच्चों द्वारा स्वास्थ्य व शिक्षा संबंधी नारों के साथ प्रभात फेरी निकाली गई ।

सदर प्रखंड में स्थित उर्दू मध्य विद्यालय, मंडई के उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचे जिला शिक्षा अधीक्षक, संतोष कुमार गुप्ता ने कहा कि “स्वास्थ्य शिक्षा तथा बच्चों का मानसिक और भावनात्मक विकास बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सबसे जरुरी है, जो कि विद्यालय स्वास्थ्य एवम कल्याण कार्यक्रम के सत्रों का मूल उद्देश्य है ” उन्होंने कहा कि हर मध्य, उच्च तथा उच्चतर विद्यालय को प्रति सप्ताह हर कक्षा में दो पीरियड विद्यालय स्वास्थ्य एवम कल्याण कार्यक्रम के सत्रों को आयोजित करना है तथा प्रत्येक मंगलवार को ‘स्वास्थ्य एवम कल्याण दिवस’ के रूप में मनाना है जहां बच्चों की स्वास्थ्य जांच, शारीरिक, मानसिक तथा भावनात्मक स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों पर परिचर्चा आदि का आयोजन किया जाएगा।

इस उद्घाटन कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु जनपद में सेंटर फॉर कैटालाइजिंग चेंज (सी ३) के प्रतिनिधि आलोक राय ने शिक्षा तथा स्वास्थ्य विभाग के जिला तथा प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों के साथ समन्वय बनाते हुए कार्यक्रम की योजना तथा सफल आयोजन में योगदान दिया ।
दारू प्रखंड के सरस्वती उच्च विद्यालय में उद्घाटन कार्यक्रम में उन्होंने बताया कि ‘ किशोरावस्था में बच्चे विभिन्न प्रकार के शारीरिक बदलावों से गुजरते हैं, ये कार्यक्रम इन किशोर किशोरियों को सही मार्गदर्शन प्रदान करेगा ताकि हम एनीमिया, नशाखोरी, सड़क दुर्घटना, दहेज प्रथा, मानव तस्करी जैसे गंभीर मुद्दों पर जागरूक कर इन्हें समाप्त करने की ओर एक ठोस कदम उठा सकें
स्वास्थ्य विभाग के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ने बताया कि ‘ अधिकतर बीमारियों से सही जानकारी, सही पोषण युक्त खान पान व स्वच्छता रखकर ही बचा जा सकता है, ये कार्यक्रम किशोर और किशोरियों को विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी पहलुओं पर जागरूक करेगा तथा भविष्य में विभिन्न बीमारियों को कम करने में सहायक बनेगा

विद्यालय स्वास्थ्य एवम कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत कक्षा 6-12 के बच्चों के साथ एनसीईआरटी तथा जेसीईआरटी द्वारा तैयार कुल 16 सत्र सप्ताहवार आयोजित किए जायेंगे तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य जांच तथा आयरन फोलिक एसिड और अल्बेंडाजोल जैसी दवाएं वितरित की जाएंगी।



