लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा में उमड़ा भाजपा का जनसैलाब, हजारों लोगों ने लिया हिस्सा
भारतीय जनता पार्टी, हजारीबाग जिला इकाई की ओर से मंगलवार को शहर में 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा सह जनसभा का भव्य आयोजन किया गया।

लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा में उमड़ा भाजपा का जनसैलाब, हजारों लोगों ने लिया हिस्सा
देश में अराजकता फैलाना चाहती है कांग्रेस: अन्नपूर्णा देवी
वोट से समर्थन नहीं जुटा पाने वाला विपक्ष फैला रहा भ्रम: मनीष जायसवाल
हजारीबाग : भारतीय जनता पार्टी, हजारीबाग जिला इकाई की ओर से मंगलवार को शहर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा सह जनसभा का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत झील रोड स्थित जिला स्कूल मैदान परिसर में आयोजित जनसभा से हुई। इसमें पूरे हजारीबाग जिले से हजारों की संख्या में भाजपा नेता, कार्यकर्ता और समर्थक हाथों में पार्टी का झंडा एवं विभिन्न नारों से लिखी तख्तियां लेकर पहुंचे। जनसभा के बाद शहर की प्रमुख सड़कों पर निकली पदयात्रा में भी भारी जनभागीदारी देखने को मिली।

जनसभा में बतौर मुख्य अतिथि केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री सह कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल, बरकट्ठा विधायक अमित कुमार यादव, सदर विधायक प्रदीप प्रसाद, बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी, पूर्व सांसद यदुनाथ पांडेय, भाजपा हजारीबाग जिला संगठन प्रभारी सह सिमरिया के पूर्व विधायक किशुन दास, कार्यक्रम के संगठन प्रभारी सह बोकारो के पूर्व विधायक बिरंची नारायण एवं जिला परिषद अध्यक्ष उमेश प्रसाद मेहता सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने अपने संबोधन में कांग्रेस पर देश में अराजकता फैलाने और भ्रम की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मंशा को देश की जनता अच्छी तरह समझ चुकी है। कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल खड़े कर रही है और विदेशी शक्तियों के साथ टूलकिट की तरह काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जिन राज्यों में चुनाव जीतती है, वहां चुनाव प्रक्रिया को सही बताती है, जबकि हारने पर व्यवस्था पर सवाल उठाने लगती है। यह उसके दोहरे चरित्र को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि इसी के विरोध में देशभर में भाजपा कार्यकर्ता और आम जनता सड़कों पर उतरकर लोकतंत्र एवं संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा के पक्ष में आवाज बुलंद कर रहे हैं।

हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल पूरे देश में झूठ की राजनीति कर जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। विपक्ष के इस दुष्प्रचार का जवाब देने और लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से भाजपा देशभर में पदयात्रा आयोजित कर रही है। उन्होंने कहा कि इस अभियान में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ स्थानीय लोगों की भी बड़ी भागीदारी देखने को मिल रही है। देश की जनता का कांग्रेस पर विश्वास नहीं रह गया है। वोट के माध्यम से जनसमर्थन हासिल करने में नाकाम विपक्ष अब देश में अराजकता फैलाने का कुंठित प्रयास कर रहा है, लेकिन भारत की राष्ट्रवादी जनता अराजक तत्वों को कभी बर्दाश्त नहीं करेगी।
भाजपा और संघ नहीं होते तो देश को खंड-खंड कर देती कांग्रेस : अमित कुमार यादव
बरकट्ठा विधायक अमित कुमार यादव ने कहा कि यदि देश में भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ नहीं होते तो कांग्रेस देश को खंड-खंड में विखंडित कर देती। उन्होंने राहुल गांधी पर देश को बांटने और अशांति फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और हेमंत सोरेन को झारखंड के युवाओं का भविष्य, मातृशक्ति की सुरक्षा, खनिज संपदा का अवैध उत्खनन और भ्रष्टाचार जैसे गंभीर मुद्दे दिखाई नहीं देते। राज्य में भ्रष्टाचार और अव्यवस्था का बोलबाला है। विपक्षी दल देश को गर्त में ले जाना चाहते हैं, लेकिन देश की जनता उन्हें लगातार जवाब देती रही है और आगे भी करारा जवाब देगी।
देश के झंडे को झुकने नहीं देंगे : प्रदीप प्रसाद
सदर विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि वर्तमान समय में देश के सामने विकट परिस्थितियां उत्पन्न करने का प्रयास किया जा रहा है। विपक्ष के नेता देश विरोधी ताकतों के साथ मिलकर विदेशी शक्तियों के माध्यम से भारत को कमजोर करने की कोशिश में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि हम राष्ट्रवादी लोग हैं और देश के तिरंगे को कभी झुकने नहीं देंगे। देश की एकता, अखंडता और सम्मान की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर देंगे, लेकिन देश में अराजकता फैलाने की किसी भी कोशिश को सफल नहीं होने देंगे।
देश विरोधी ताकतों से मुकाबले को भाजपा कार्यकर्ता तैयार : रोशन लाल चौधरी
बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी ने कहा कि वर्तमान समय में देश विरोधी ताकतें भारत को कमजोर करने की कोशिश कर रही हैं। लेकिन भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक सिपाही ऐसी ताकतों से मुकाबला करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
राष्ट्रहित में काम कर रही मोदी सरकार को बदनाम करने का षड्यंत्र : यदुनाथ पांडेय
पूर्व सांसद यदुनाथ पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए बिना भ्रष्टाचार के जनसेवा के लिए समर्पित होकर काम कर रही है। विपक्ष इस कार्यशैली को पचा नहीं पा रहा है और सरकार को बदनाम करने के लिए लगातार षड्यंत्र कर रहा है।
हजारों लोगों की सहभागिता के लिए पूर्व विधायक किशुन दास ने जताया आभार
भाजपा जिला संगठन प्रभारी सह पूर्व विधायक किशुन दास ने लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा में हजारीबाग में शामिल हुए हजारों लोगों के प्रति आभार जताया। उन्होंने राष्ट्रहित के इस प्रयास में भाजपा का साथ देने के लिए सभी कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों का धन्यवाद किया।
पूर्व विधायक बिरंची नारायण ने बुलंद किया कांग्रेस के खिलाफ नारा, कहा घुसपैठियों कहां मिलेंगे- कांग्रेस के दफ़्तर में
कार्यक्रम के संगठन प्रभारी सह पूर्व विधायक बिरंची नारायण ने कांग्रेस के खिलाफ आक्रामक अंदाज में नारेबाजी करते हुए कहा कि घुसपैठिये कहां मिलेंगे, कांग्रेस पार्टी के दफ्तर में, देशद्रोही कहां मिलेंगे, कांग्रेस पार्टी के दफ्तर में; देश के गद्दार कहां मिलेंगे, कांग्रेस पार्टी के दफ्तर में और देश में अराजक तत्व कहां मिलेंगे, कांग्रेस पार्टी के दफ्तर में। उनके इन नारों को जनसभा में मौजूद हजारों लोगों ने भी दोहराया।
शहर की प्रमुख सड़कों से गुजरी पदयात्रा, जगह-जगह गूंजे नारे
जनसभा के उपरांत केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, सांसद मनीष जायसवाल सहित सभी जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, समर्थक एवं आम नागरिक पदयात्रा की शक्ल में जिला स्कूल मैदान से निकले। पदयात्रा पुराना समाहरणालय चौक, कचहरी चौक, बंशीलाल चौक, झंडा चौक, पैगोडा चौक एवं इंद्रपुरी चौक होते हुए पुनः जिला स्कूल मैदान पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में भाजपा कार्यकर्ता हाथों में पार्टी का झंडा लहराते हुए नारेबाजी करते रहे। सांसद मनीष जायसवाल सहित कई वरिष्ठ नेता भी पूरे मार्ग पर पैदल चलते हुए कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते और अराजकता के खिलाफ नारे बुलंद करते नजर आए। वहीं, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी पदयात्रा के दौरान रथ पर सवार रहीं। पदयात्रा के समापन के बाद सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने सामूहिक भोजन किया। कार्यक्रम का मंच संचालन भाजपा जिला महामंत्री जयनारायण प्रसाद ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन कार्यक्रम संयोजक सह जिला महामंत्री सर्वेश सिंह ने किया।
पदयात्रा में विशेषरूप से ये गणमान्य लोग रहे मौजूद
मौके पर विशेष रूप से भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सह पूर्व जिला अध्यक्ष अशोक यादव, शिवलाल महतो, आनंद देव, हरीश श्रीवास्तव, सुनील मेहता, शेफाली गुप्ता, पूर्व प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुदेश चंद्रवंशी, चंद्रनाथ भाई पटेल, अनिल मिश्रा, गणेश यादव, पूर्व जिला अध्यक्ष टुन्नू गोप, जिला पदाधिकारी रेणुका साहू, कुणाल किशोर, उपेंद्र सिंह, मंजू नंदिनी, निरंजन मेहता, अजीत बक्सी, विवेक सिंह, भाजयुमो जिला अध्यक्ष राजकरण पाण्डेय, भाजयुमो किसान मोर्चा अध्यक्ष इन्द्रनारायण कुशवाहा, अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष महेंद्र राम बिहारी, अनुसूचित जनजाति मोर्चा अध्यक्ष रमेश हेम्ब्रम, अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष तनवीर अहमद, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष अजीत चंद्रवंशी, महिला मोर्चा अध्यक्ष मनोरमा राणा, रमेश ठाकुर सहित सभी मंडलों के अध्यक्ष, प्रभारी, प्रवासी, सांसद प्रतिनिधिगण, विधायक प्रतिनिधिगण एवं सैकड़ों गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



