Breaking Newsझारखण्डटेक्नोलॉजीताजा खबरदुनियादेशलाइफस्टाइललाइव न्यूज़

रूपी सोरेन के निधन से झामुमो परिवार गमगीन, गिरिडीह जिला कार्यालय में नम आंखों से दी गई श्रद्धांजलि

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता एवं दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी स्वर्गीय रूपी सोरेन के निधन से झारखंड मुक्ति मोर्चा परिवार में शोक की लहर है।

रूपी सोरेन के निधन से झामुमो परिवार गमगीन, गिरिडीह जिला कार्यालय में नम आंखों से दी गई श्रद्धांजलि

गिरिडीह, मनोज कुमार।

गिरिडीह : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता एवं दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी स्वर्गीय रूपी सोरेन के निधन से झारखंड मुक्ति मोर्चा परिवार में शोक की लहर है। गुरुवार को गिरिडीह स्थित झामुमो जिला कार्यालय में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर स्वर्गीय रूपी सोरेन को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

बताया गया कि रूपी सोरेन का पिछले करीब 20 दिनों से रांची के हिलव्यू हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था। बुधवार को इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। उनके निधन की खबर से झामुमो कार्यकर्ताओं में शोक व्याप्त है।
श्रद्धांजलि सभा में झामुमो नेत्री श्वेता शर्मा भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा कि “रूपी सोरेन के रूप में मैंने अपनी माता को खोया है। वह मेरे लिए मां जैसी थीं। एक महीने के भीतर मैंने पहले अपने पति और अब माता तुल्य रूपी सोरेन को खो दिया। यह हमारे लिए बेहद दुखद क्षण है।”

झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि रूपी सोरेन का गिरिडीह से गहरा जुड़ाव रहा है। दिशोम गुरु शिबू सोरेन के साथ झामुमो के स्थापना दिवस समेत कई कार्यक्रमों में उनका गिरिडीह आना होता रहा है। उनके निधन को उन्होंने झामुमो परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

वहीं, पूर्व विधायक केदार हाजरा ने कहा कि रूपी सोरेन के निधन से पूरा झामुमो परिवार मर्माहत है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में शक्ति प्रदान करने की कामना की।

श्रद्धांजलि सभा में महापौर प्रमिला मेहरा, उप महापौर सुमित कुमार, बबली मरांडी, दिलीप मंडल, नुनूराम किस्कू, जिला उपाध्यक्ष शाहनवाज अंसारी, नूर अहमद, जिला प्रवक्ता कृष्ण मुरारी शर्मा, महानगर अध्यक्ष राकेश कुमार रॉकी सहित बड़ी संख्या में झामुमो नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सभी ने स्वर्गीय रूपी सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके निधन को झारखंड के राजनीतिक एवं सामाजिक परिवार के लिए गहरी क्षति बताया।

Related Articles

Back to top button