राष्ट्रपति के प्रोटोकॉल उल्लंघन के विरोध में भाजपा एसटी मोर्चा का प्रदर्शन, टावर चौक पर ममता बनर्जी का पुतला दहन
भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा की गिरिडीह इकाई ने रविवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए शहर के टावर चौक पर उनका पुतला दहन किया।

राष्ट्रपति के प्रोटोकॉल उल्लंघन के विरोध में भाजपा एसटी मोर्चा का प्रदर्शन, टावर चौक पर ममता बनर्जी का पुतला दहन
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा की गिरिडीह इकाई ने रविवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए शहर के टावर चौक पर उनका पुतला दहन किया। कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के प्रोटोकॉल उल्लंघन को लेकर नाराजगी जताई और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।

कार्यकर्ताओं ने बताया कि शनिवार को भारत की राष्ट्रपति द्रोपति मुर्मू के पश्चिम बंगाल दौरे के दौरान प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया गया। इसी के विरोध में भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने आक्रोश व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री का पुतला जलाया।
जानकारी के अनुसार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शनिवार को सिलीगुड़ी में आयोजित नौवें अंतरराष्ट्रीय संथाल सम्मेलन में भाग लेने पहुंची थीं।

इस दौरान कार्यक्रम स्थल के चयन और प्रोटोकॉल के उल्लंघन को लेकर उन्होंने नाराजगी जताई। राष्ट्रपति ने कहा कि एक दिवसीय दौरे के दौरान न तो मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और न ही किसी राज्य मंत्री ने उनका स्वागत किया।

पुतला दहन कार्यक्रम की अगुवाई मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष सिकंदर हैंब्रम ने की। मौके पर भाजपा ग्रामीण जिलाध्यक्ष महेंद्र वर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष महादेव दुबे, विनय सिंह, अजय रंजन सिंह, सुरेश मंडल, विक्की गुप्ता, संगीता सेठ सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।


