बिशनपुर में मौत बनकर दौड़ा ट्रैक्टर! बाइक सवार युवक की मौके पर मौत, साथी गंभीर हालत में धनबाद रेफर
गिरिडीह के पचंबा थाना क्षेत्र अंतर्गत बिशनपुर पेट्रोल पंप के समीप रविवार सुबह बाइक और ट्रैक्टर के बीच जोरदार टक्कर हो गई।

बिशनपुर में मौत बनकर दौड़ा ट्रैक्टर! बाइक सवार युवक की मौके पर मौत, साथी गंभीर हालत में धनबाद रेफर
गिरिडीह : मनोज कुमार।
गिरिडीह : गिरिडीह के पचंबा थाना क्षेत्र अंतर्गत बिशनपुर पेट्रोल पंप के समीप रविवार सुबह बाइक और ट्रैक्टर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर किया गया है। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

मृतक की पहचान बिरनी थाना क्षेत्र के तुलसीटांड़ निवासी सुनील कुमार ठाकुर के रूप में हुई है। वहीं, घायल युवक की पहचान भरकट्टा ओपी थाना क्षेत्र के तुलाडीह निवासी गोलू ठाकुर के रूप में की गई है।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, सुनील अपने दोस्त के साथ शनिवार शाम गिरिडीह में एक रिश्तेदार के घर आया था। रविवार सुबह दोनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान बिशनपुर पेट्रोल पंप के समीप उनकी बाइक की ट्रैक्टर से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सुनील ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गोलू गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे धनबाद रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है।
बताया जाता है कि मृतक सुनील कुमार ठाकुर की शादी करीब दो वर्ष पहले हुई थी और उसकी एक छोटी बेटी भी है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया है। पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों ने फरार ट्रैक्टर चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। एक सड़क हादसे ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं और एक मासूम बच्ची के सिर से पिता का साया उठ गया।


