बिरसा मुंडा जयंती पर झामुमो ने किया माल्यार्पण धरती आबा के सपनों को हेमंत सोरेन के नेतृत्व में करेंगे साकार : कुणाल यादव
भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से जिले भर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए।

बिरसा मुंडा जयंती पर झामुमो ने किया माल्यार्पण धरती आबा के सपनों को हेमंत सोरेन के नेतृत्व में करेंगे साकार : कुणाल यादव
हजारीबाग : भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से जिले भर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में शनिवार को हजारीबाग के पुराना बस स्टैंड स्थित बिरसा चौक में झामुमो नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। मौके पर क्षेत्र में बिरसा मुंडा अमर रहे के जयघोष गूंजते रहे और लोगों ने धरती आबा के संघर्षों को याद किया।

कार्यक्रम में झामुमो जिला प्रवक्ता कुणाल यादव ने कहा कि बिरसा मुंडा ने दासता, शोषण और अन्याय के खिलाफ जो अलख जगाया था, वही आज भी झारखंडियों के आत्मसम्मान और स्वाभिमान की रीढ़ है। उन्होंने कहा कि जल,जंगल,जमीन की रक्षा के लिए बिरसा मुंडा का उलगुलान सिर्फ एक आंदोलन नहीं था, बल्कि जन अधिकारों की ऐतिहासिक चेतना थी जिसने झारखंड की आत्मा को एक दिशा दी।

कुणाल यादव ने आगे कहा कि झारखंड आंदोलन के पुरोधा दिशोम गुरु स्व शिबू सोरेन ने भी बिरसा मुंडा से प्रेरणा लेकर महाजनी शोषण, साहूकारी, छुआछूत और सामाजिक बुराइयों के खिलाफ लंबा संघर्ष छेड़ा। बाद में इसी संघर्ष ने झारखंड राज्य निर्माण के विशाल आंदोलन का रूप लिया, जिसके परिणामस्वरूप आज झारखंड अपनी स्वतंत्र पहचान के साथ 25 वर्ष का युवा राज्य बन चुका है।
प्रवक्ता ने कहा कि आज झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन धरती आबा के सपनों को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उनके नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा कई जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका सीधा लाभ आम जनता तक पहुंच रहा है। मईयां सम्मान योजना ने ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा प्रदान की है । बिजली बिल माफी योजना और 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली का निर्णय आम घरों के लिए बड़ी राहत बनकर आया है। युवाओं की रोजगार-सृजन की दिशा में भी सरकार ने कई ठोस कदम उठाए हैं, जिससे राज्य में नई संभावनाएं पैदा हुई हैं। झामुमो सरकार का लक्ष्य है कि धरती आबा बिरसा मुंडा का सपना , सम्मान, अधिकार और स्वावलंबन वाला झारखंड पूरी तरह साकार हो।
कार्यक्रम में झामुमो नगर अध्यक्ष नवीन प्रकाश, नगर उपाध्यक्ष राजीव वर्मा, राजदेव यादव, महिला नेत्री श्वेता दुबे, कैसर जमाल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।




