बालमुकुंद स्पंज आयरन फैक्ट्री में बड़ा हादसा, घायल मजदूर की मौत मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों का फैक्ट्री गेट पर धरना
जिले के बालमुकुंद स्पंज आयरन फैक्ट्री में कार्य के दौरान हुए हादसे में 28 वर्षीय मजदूर राजाराम कुशवाहा की मौत हो गई।

बालमुकुंद स्पंज आयरन फैक्ट्री में बड़ा हादसा, घायल मजदूर की मौत मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों का फैक्ट्री गेट पर धरना
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : जिले के बालमुकुंद स्पंज आयरन फैक्ट्री में कार्य के दौरान हुए हादसे में 28 वर्षीय मजदूर राजाराम कुशवाहा की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश और तनाव का माहौल व्याप्त है। मृतक के परिजन फैक्ट्री के मुख्य गेट पर शव रखकर मुआवजे की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं।

मृतक के भाई राधेश्याम कुशवाहा ने बताया कि रविवार देर रात करीब 11 बजे फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से फोन कर सूचना दी गई कि उनके भाई हादसे में घायल हो गए हैं। इसके बाद उन्हें गिरिडीह के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां से स्थिति गंभीर होने पर डॉक्टरों ने धनबाद रेफर कर दिया। धनबाद पहुंचने पर डॉक्टरों ने राजाराम को मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के अनुसार, मृतक अपने पीछे पत्नी, 8 वर्षीय पुत्री और 3 वर्षीय पुत्र छोड़ गया है। वह परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। परिजनों ने फैक्ट्री प्रबंधन से उचित मुआवजा और परिवार के लिए स्थायी सहायता की मांग की है।
घटना को लेकर जेएलकेएम नेता नागेंद्र चंद्रवंशी ने कहा कि अब तक फैक्ट्री प्रबंधन का कोई भी प्रतिनिधि पीड़ित परिवार से मिलने नहीं पहुंचा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगें नहीं मानी गईं तो सड़क जाम किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी फैक्ट्री प्रबंधन और प्रशासन की होगी।

धरने के कारण फैक्ट्री परिसर के बाहर तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने और परिजनों को समझाने का प्रयास कर रही है। अन्य मजदूरों में भी घटना को लेकर आक्रोश देखा जा रहा है। खबर लिखे जाने तक फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।




