पोटका में मलेरिया नियंत्रण को लेकर स्वास्थ्य मंत्री से मिले विधायक संजीव सरदार,राज्य सरकार से अतिरिक्त संसाधन और प्रभावी कार्रवाई का किया आग्रह।
पोटका विधायक संजीव सरदार ने गुरुवार को राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी से रांची में मुलाकात कर पोटका प्रखंड में मलेरिया के बढ़ते संक्रमण की विस्तृत जानकारी दी।

पोटका में मलेरिया नियंत्रण को लेकर स्वास्थ्य मंत्री से मिले विधायक संजीव सरदार,राज्य सरकार से अतिरिक्त संसाधन और प्रभावी कार्रवाई का किया आग्रह।
अभिजीत सेन
रांची—–
पोटका विधायक संजीव सरदार ने गुरुवार को राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी से रांची में मुलाकात कर पोटका प्रखंड में मलेरिया के बढ़ते संक्रमण की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने प्रभावित गांवों की वर्तमान स्थिति से अवगत कराते हुए बीमारी पर शीघ्र नियंत्रण के लिए राज्य सरकार से अतिरिक्त संसाधन एवं विशेष अभियान चलाने का आग्रह किया।

मुलाकात के दौरान विधायक ने स्वास्थ्य मंत्री से प्रभावित गांवों में अतिरिक्त स्वास्थ्यकर्मियों की प्रतिनियुक्ति, व्यापक जांच अभियान, पर्याप्त दवाओं की उपलब्धता, डीडीटी छिड़काव, मच्छरदानी वितरण तथा जनजागरूकता अभियान को और तेज करने की मांग की। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही निगरानी और त्वरित कार्रवाई से संक्रमण की श्रृंखला को जल्द तोड़ा जा सकता है।
विधायक की मांग पर स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने तत्काल पूर्वी सिंहभूम के सिविल सर्जन से फोन पर बात कर मलेरिया प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। मंत्री ने प्रभावित गांवों में अतिरिक्त मैनपावर उपलब्ध कराने, मलेरिया जांच किट (RDT किट) की संख्या बढ़ाने तथा स्वास्थ्य विभाग की टीमों को युद्धस्तर पर जांच एवं उपचार अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही आवश्यक दवाओं और अन्य संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
विधायक संजीव सरदार ने कहा कि पोटका के लोगों की सुरक्षा और स्वास्थ्य उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि मलेरिया की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और राज्य सरकार के सहयोग से हर आवश्यक कदम उठाया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार और स्वास्थ्य विभाग के समन्वित प्रयासों से जल्द ही मलेरिया संक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण पा लिया जाएगा।




