पलामू – सड़क सुरक्षा समिति की बैठक: जनवरी से अक्टूबर तक 294 सड़क दुर्घटनाएं,207 लोगों की मौत
जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई।

पलामू – सड़क सुरक्षा समिति की बैठक: जनवरी से अक्टूबर तक 294 सड़क दुर्घटनाएं,207 लोगों की मौत
वाहन जांच अभियान में 459 चालान, 8.30 लाख रुपये का जुर्माना; 1,991 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित,डीसी ने सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराने का दिया निर्देश
पलामू : जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति, वाहन जांच अभियान, ब्लैक स्पॉट पर सुधारात्मक कार्रवाई तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गयी।

बैठक में बताया गया कि जनवरी से अक्टूबर 2026 तक जिले में कुल 294 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 207 लोगों की मौत हुई, जबकि 185 लोग गंभीर रूप से और 25 लोग मामूली रूप से घायल हुए। अक्टूबर माह में 39 दुर्घटना मामलों में 24 लोगों की मौत हुई तथा 23 लोग गंभीर और छह लोग मामूली रूप से घायल हुए।
उपायुक्त श्री शेखावत ने सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए वाहन जांच अभियान में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने हेलमेट, सीट बेल्ट, वाहन फिटनेस एवं वाहनों में अनधिकृत बदलाव की जांच करने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने को कहा। एसपी कपिल चौधरी ने सभी थाना प्रभारियों को हेलमेट, सीट बेल्ट, नशे में वाहन चलाने, ओवरस्पीडिंग, प्रेशर हॉर्न, ट्रिपल राइडिंग एवं काले शीशे के विरुद्ध नियमित अभियान चलाने का निर्देश दिया।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि अक्टूबर माह में मोटर वाहन अधिनियम के तहत 457 तथा झारखंड मोटर वाहन कर अधिनियम के तहत दो सहित कुल 459 चालान काटे गए। इससे 8 लाख 30 हजार 200 रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं, जनवरी से अक्टूबर 2026 तक यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में कुल 1,991 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। इनमें अक्टूबर माह के 204 लाइसेंस भी शामिल हैं।
बैठक में जिले के प्रमुख ब्लैक स्पॉट दुबियाखाड़, कांडा घाटी, लोहारा, पोखराहा एवं सतबरवा बाजार की स्थिति की समीक्षा की गई।डीसी ने संबंधित सड़क निर्माण एजेंसियों को दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक संकेतक, रंबल स्ट्रिप, रिफ्लेक्टर एवं अन्य सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। पोखराहा फोरलेन एवं जोड़ में 15 दिनों के भीतर प्रभावी ट्रैफिक सिग्नल लगाने तथा एनएच-98 पर सिलदाग से पड़वा तक सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा।
बैठक के दौरान सड़क दुर्घटना में घायल विक्रम कुमार को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचाने वाले गुड सेमेरिटन सतीश कुमार शर्मा को उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने दो हजार रुपये का चेक सौंपकर सम्मानित किया। इस दौरान एसपी कपिल चौधरी एवं डीटीओ प्रमोद कुमार उपस्थित रहे। उपायुक्त ने कहा कि सड़क हादसे में घायल व्यक्ति की मदद करना मानवता का सबसे बड़ा कार्य है। ऐसे लोगों को सम्मानित करना प्रशासन के लिए गर्व की बात है। उन्होंने आमलोगों से भी दुर्घटना में घायलों की मदद के लिए आगे आने की अपील की।
बैठक में हिट एंड रन मुआवजा मामलों, दुर्घटना के आंकड़ों की ऑनलाइन प्रविष्टि, एंबुलेंस एवं ट्रॉमा सेंटर की उपलब्धता तथा सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान की भी समीक्षा की गयी।बैठक में उपरोक्त के अलावे सड़क सुरक्षा समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।




