Breaking Newsटेक्नोलॉजीताजा खबरदुनियादेशबिहारलाइफस्टाइललाइव न्यूज़

पटना नगर निगम सशक्त स्थायी समिति की 22वीं साधारण बैठक संपन्न, 29 एजेंडों को मिली स्वीकृति l

माननीय महापौर श्रीमती सीता साहू की अध्यक्षता एवं माननीय उप महापौर श्रीमती रेशमी चंद्रवंशी की उपस्थिति में पटना नगर निगम सशक्त स्थायी समिति की 22वीं साधारण बैठक शनिवार को महापौर कार्यालय कक्ष में आहूत हुई।

पटना नगर निगम सशक्त स्थायी समिति की 22वीं साधारण बैठक संपन्न, 29 एजेंडों को मिली स्वीकृति l

9 मई 2026 । पटना

पटना : माननीय महापौर श्रीमती सीता साहू की अध्यक्षता एवं माननीय उप महापौर श्रीमती रेशमी चंद्रवंशी की उपस्थिति में पटना नगर निगम सशक्त स्थायी समिति की 22वीं साधारण बैठक शनिवार को महापौर कार्यालय कक्ष में आहूत हुई। बैठक में कुल 29 एजेंडों को सर्वसम्मति से समिति द्वारा पास किया गया।
बैठक में सशक्त स्थायी समिति के माननीय सदस्य, नगर आयुक्त श्री यशपाल मीणा, अपर नगर आयुक्त श्री राजन सिन्हा, उप नगर आयुक्त श्री रामाशीष तिवारी, नगर अभियंता श्री बिंदु रजक एवं अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

मार्केट सर्वे के आधार पर तय होगा कदमकुआं वेंडिंग जोन का किराया
पटना नगर निगम द्वारा कदमकुआं वेंडिंग जोन के रखरखाव का कार्य किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत बिजली, साफ-सफाई एवं अन्य रखरखाव संबंधी खर्च निगम द्वारा वहन किए जा रहे हैं। बैठक में इस योजना को दीर्घकालिक रूप से संवहनीय बनाने के उद्देश्य से दुकानदारों से किराया वसूलने का निर्णय लिया गया। साथ ही यह भी तय किया गया कि किराया निर्धारण से पूर्व बाजार दरों का आकलन करने हेतु मार्केट सर्वे कराया जाएगा, जिसके आधार पर किराया निर्धारित किया जाएगा।

मैनहोल एम्बुलेंस संचालन के लिए संवेदकों को सूचिबद्द करने के निर्देश
मानसून के दौरान मैनहोल क्षतिग्रस्त होने की परिस्थिति में कम से कम समय में ऑन-स्पॉट रिपेयरिंग का कार्य पूर्ण हो, यह सुनिश्चित करने के लिए मैनहोल एम्बुलेंस का सुचारू रूप से परिचालन करने का निर्णय लिया गया। समिति द्वारा निर्णय लिया गया कि वाहन पर निर्माण सामग्री, पहले से तैयार मैनहोल के ढक्कन, मिस्त्री, बिजली कर्मी, ड्राइवर की तैनाती होगी और आवश्यकतानुसार एवं शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। व्यवस्था इतनी रखी जाए ताकि एक दिन में कम से कम 30-35 क्षतिग्रस्त मैनहोल को दुरुस्त किया जाए। इस आलोक में निर्णय लिया गया कि कार्य के तेजी से निष्पादन के लिए संवेदकों को सूचिबद्ध किया जाएगा। तथा दो दिन के भीतर मॉक ड्रिल भी किया जाए।

कार्तिक छठ एवं चैती छठ महापर्व की योजनाओं की घटनोत्तर स्वीकृति
बैठक में चैती छठ 2026 के अवसर पर विभिन्न घाटों पर कराये गए 5.85 करोड़ रुपये की कुल 65 योजनाओं को समिति द्वारा घटनोत्तर स्वीकृति दी गई।
पटना नगर क्षेत्रान्तर्गत कार्तिक छठ महापर्व 2025 के अवसर पर करीब 50 लाख रुपये की लागत से नौजरघाट, चित्रगुप्त घाट, कॉलोनी घाट, मित्तल घाट, सीता घाट, गाय घाट, कंगन घाट, पत्थर घाट समेत कुल 24 स्थायी एवं अस्थायी घाटों की मरम्मति एवं सौंदर्यीकरण कार्य कराये गए जिनकी घटनोत्तर स्वीकृति प्रदान की गई।

पाइपलाइन एवं बोरिंग परियोजनाओं की वस्तुस्थिति की समीक्षा

स्थायी समिति की बैठक में पटना नगर निगम क्षेत्रांतर्गत पाइपलाइन विस्तार से संबंधित 760 परियोजनाओं तथा हाई यील्ड बोरिंग अधिष्ठापन की 266 परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई।

समिति को बताया गया कि पाइपलाइन परियोजनाओं में 348 कार्य पूर्ण हो चुके हैं, जबकि 28 परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं। इसके अतिरिक्त 111 परियोजनाओं के लिए वर्क ऑर्डर जारी किए जा चुके हैं, 71 परियोजनाएं कार्यावंटन की प्रक्रिया में हैं, 122 परियोजनाएं निविदा चरण में हैं तथा 80 परियोजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है।

वहीं, हाई यील्ड बोरिंग परियोजनाओं में 182 कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं, 16 परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं, 9 के लिए वर्क ऑर्डर जारी किए गए हैं, 7 परियोजनाएं कार्यावंटन चरण में हैं, 27 निविदा प्रक्रिया में हैं तथा 25 परियोजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है।

बैठक में गंगा दशहरा 2025 के अवसर पर अजीमाबाद प्रमंडलाधीन भद्र घाट पर लगभग 6 लाख रुपये की लागत से कराए गए जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्य को स्वीकृति प्रदान की गई।

इसके साथ ही संयुक्त राष्ट्र की इकाई संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या प्रकोष्ठ (UNFPA) के साथ किए गए एकरारनामे के विस्तार को भी मंजूरी दी गई।

जलापूर्ति प्रमंडल द्वारा संचालित 93 जलापूर्ति केंद्रों में क्लोरिनेटर अधिष्ठापन के लिए 93 लाख रुपये की राशि आवंटित करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में पटना नगर निगम अंतर्गत विभिन्न कार्यों में संलग्न एजेंसियों की सेवा अवधि विस्तार को भी स्वीकृति दी गई।

इसके अलावा निगम क्षेत्र में आधुनिक वधशाला (Modern Slaughter House) निर्माण हेतु निविदा प्रकाशन तथा बांस घाट एवं दीघा घाट शवदाह गृह के संचालन एवं रख-रखाव के लिए ईशा फाउंडेशन, कोयंबटूर के साथ हुए एमओयू को घटनोत्तर स्वीकृति प्रदान की गई।

Related Articles

Back to top button