नाबार्ड प्रायोजित पेशम ग्रामीण हाट का हुआ उद्घाटन डीडीसी ने किया शुभारंभ, किसानों और महिला समूहों को मिलेगा नया बाजार
बिरनी प्रखंड अंतर्गत पेशम में नाबार्ड द्वारा प्रायोजित ग्रामीण हाट का उद्घाटन बुधवार को गिरिडीह की उप विकास आयुक्त स्मिता कुमारी ने बतौर मुख्य अतिथि ने किया।

नाबार्ड प्रायोजित पेशम ग्रामीण हाट का हुआ उद्घाटन डीडीसी ने किया शुभारंभ, किसानों और महिला समूहों को मिलेगा नया बाजार
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : बिरनी प्रखंड अंतर्गत पेशम में नाबार्ड द्वारा प्रायोजित ग्रामीण हाट का उद्घाटन बुधवार को गिरिडीह की उप विकास आयुक्त स्मिता कुमारी ने बतौर मुख्य अतिथि ने किया। कार्यक्रम में नाबार्ड के डीडीएम आशुतोष प्रकाश, बिरनी के बीडीओ, पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

इस अवसर पर डीडीसी स्मिता कुमारी ने कहा कि ग्रामीण हाट किसानों, कारीगरों, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं और ग्रामीण उत्पादकों को अपने कृषि एवं प्राथमिक उत्पादों की बिक्री के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की ग्रामीण अवसंरचना स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ-साथ क्षेत्र के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

परियोजना के तहत ग्रामीणों की सुविधा और व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए हाट परिसर में शेड, गोदाम, शौचालय और सोलर लाइट जैसी आवश्यक आधारभूत सुविधाएं विकसित की गई हैं, जिससे किसानों और ग्रामीण उत्पादकों को बेहतर बाजार उपलब्ध हो सकेगा।

कार्यक्रम के दौरान जल जीवन मिशन के तहत “जल अर्पण दिवस” भी मनाया गया, जिसमें जल सहिया एवं ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति के सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इस दौरान स्वच्छ पेयजल, जल संरक्षण और सामुदायिक सहभागिता के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।
ग्रामीणों ने इस पहल को बाजार सुविधा, आजीविका संवर्धन और सामुदायिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।




