नगर निकाय चुनाव में देरी के खिलाफ गिरिडीह में भाजपा का जोरदार प्रदर्शन, समाहरणालय तक पैदल मार्च।
गिरिडीह, नगर निकाय चुनाव में हो रही लगातार देरी के विरोध में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गिरिडीह में जोरदार प्रदर्शन किया।

नगर निकाय चुनाव में देरी के खिलाफ गिरिडीह में भाजपा का जोरदार प्रदर्शन, समाहरणालय तक पैदल मार्च।
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : नगर निकाय चुनाव में हो रही लगातार देरी के विरोध में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गिरिडीह में जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने शहर में पैदल मार्च निकालते हुए जिला समाहरणालय तक पहुंचकर उपायुक्त कार्यालय के समक्ष राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और नगर निकाय चुनाव शीघ्र कराने की मांग की।

इस प्रदर्शन में पूर्व सांसद रविंदर राय, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष विकास प्रीतम, निवर्तमान महापौर सुनील पासवान, भाजपा जिला अध्यक्ष महादेव दुबे, विनय सिंह, नगर अध्यक्ष हरविंदर सिंह बग्गा महिला मोर्चा अध्यक्ष उषा देवी प्रोफेसर विनीता कुमारी शालिनी बेसिखियर सहित कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी शामिल हुए। इनके साथ सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद थे, जो हाथों में पार्टी का झंडा लेकर सरकार विरोधी नारे लगाते नजर आए।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार जानबूझकर नगर निकाय चुनाव में देरी कर रही है, जिससे लोकतांत्रिक व्यवस्था कमजोर हो रही है। उन्होंने कहा कि जनता द्वारा चुनी जाने वाली नगर निकाय संस्थाएं लंबे समय से भंग पड़ी हैं, जिसका सीधा असर शहरी क्षेत्रों के विकास कार्यों पर पड़ रहा है।

नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि राज्य सरकार जनता के अधिकारों की अनदेखी कर रही है और चुनाव से बचने का प्रयास कर रही है। भाजपा नेताओं ने स्पष्ट रूप से मांग की कि नगर निकाय चुनाव अविलंब कराए जाएं और यह चुनाव पार्टी आधारित हों। साथ ही, चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए ईवीएम से मतदान कराने की भी मांग की गई।

भाजपा नेताओं ने कहा कि पार्टी आधारित चुनाव से जनता को अपने प्रतिनिधि चुनने में आसानी होगी और निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही भी तय हो सकेगी।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त के माध्यम से राज्य सरकार को ज्ञापन सौंपा और चेतावनी दी कि यदि जल्द ही नगर निकाय चुनाव की घोषणा नहीं की गई तो पार्टी आंदोलन को और तेज करेगी। अंत में नेताओं ने कहा कि भाजपा जनता की आवाज को सड़क से सदन तक बुलंद करती रहेगी।




