दुर्गा पूजा में दिखी आस्था और सौहार्द की अपील, बेटियों संग मां दुर्गा के दर्शन को निकलीं श्वेता शर्मा
दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू की धर्मपत्नी श्वेता शर्मा अपनी दोनों पुत्रियों सृष्टि और समृद्धि के साथ गिरिडीह के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों में पहुंचीं।

दुर्गा पूजा में दिखी आस्था और सौहार्द की अपील, बेटियों संग मां दुर्गा के दर्शन को निकलीं श्वेता शर्मा
दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू की पत्नी ने गिरिडीह के विभिन्न पूजा पंडालों का किया भ्रमण, शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील
गिरिडीह : मनोज कुमार।
गिरिडीह : दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू की धर्मपत्नी श्वेता शर्मा अपनी दोनों पुत्रियों सृष्टि और समृद्धि के साथ गिरिडीह के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों में पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने मां दुर्गा की प्रतिमाओं के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।

पूजा पंडालों के भ्रमण के दौरान श्वेता शर्मा ने गिरिडीह की जनता से दुर्गा पूजा का त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहार हमारी संस्कृति, आस्था और सामाजिक एकता के प्रतीक हैं। ऐसे पावन अवसर पर सभी लोगों को मिल-जुलकर खुशियां बांटनी चाहिए और आपसी सौहार्द बनाए रखना चाहिए।

श्वेता शर्मा के साथ इस दौरान गिरिडीह की महापौर प्रमिला मेहरा, उपमहापौर सुमित कुमार, झामुमो जिला अध्यक्ष संजय सिंह, टूना सिंह, गोपाल शर्मा, अभय सिंह, रवि चंद्रवंशी समेत झारखंड मुक्ति मोर्चा के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

दुर्गा पूजा के अवसर पर विभिन्न पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। मां दुर्गा के दर्शन और पूजा-अर्चना के बीच पूरे शहर में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। ऐसे में श्वेता शर्मा की सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश देती नजर आई।




