थाना से 200 मीटर दूर डकैती, जमुआ पुलिस पर उठे सवाल।
गिरिडीह जिले के जमुआ थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। चोरी, छिनतई और डकैती की बढ़ती घटनाओं ने आम लोगों और व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है।

थाना से 200 मीटर दूर डकैती, जमुआ पुलिस पर उठे सवाल।
गिरिडीह : मनोज कुमार।
गिरिडीह : जिले के जमुआ थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। चोरी, छिनतई और डकैती की बढ़ती घटनाओं ने आम लोगों और व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। हालात ऐसे हो गए हैं कि व्यवसायी अब सुरक्षा के डर से अपनी दुकानें समय से पहले बंद करने लगे हैं। पुलिस लगातार कार्रवाई और गिरफ्तारी का दावा कर रही है, लेकिन अपराध पर लगाम लगती नहीं दिख रही।

ताजा मामला मंगलवार रात करीब 8 बजे का है, जहां जमुआ थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर अपराधियों ने एक चावल व्यवसायी को निशाना बनाया। जानकारी के अनुसार जमुआ निवासी बंशी साव अपने दुकान को बंद कर अंदर मौजूद थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने चावल खरीदने के बहाने दुकान खुलवाया। जैसे ही उन्होंने शटर खोला, दो नकाबपोश अपराधी अंदर घुस गए और शटर अंदर से बंद कर दिया।

अपराधियों ने बंशी साव के साथ मारपीट करते हुए व्यापारी को देने के लिए रखे करीब 50 हजार रुपये लूट लिए। इतना ही नहीं, उनकी पत्नी के गले से सोने की चेन भी छीन ली और पीछे के दरवाजे से फरार हो गए।

घटना की सबसे बड़ी बात यह है कि वारदात थाना से बेहद कम दूरी पर हुई, जिससे पुलिस गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधियों में अब पुलिस का डर खत्म होता जा रहा है और वे बेखौफ होकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।

वहीं जमुआ थाना प्रभारी विभूति देव ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालते हुए अपराधियों की पहचान में जुट गई है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।




