डुमरी से छात्र अधिकार पदयात्रा की शुरुआत, विधायक जयराम महतो ने रखीं प्रमुख मांगें
डुमरी में छात्र अधिकारों को लेकर एक बड़ी पहल की शुरुआत हो गई है। चिरैया मोड़ स्थित विनोद बिहारी महतो चौक से आज हरे झंडे के साथ पदयात्रा की औपचारिक शुरुआत हुई।

डुमरी से छात्र अधिकार पदयात्रा की शुरुआत, विधायक जयराम महतो ने रखीं प्रमुख मांगें
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : डुमरी में छात्र अधिकारों को लेकर एक बड़ी पहल की शुरुआत हो गई है। चिरैया मोड़ स्थित विनोद बिहारी महतो चौक से आज हरे झंडे के साथ पदयात्रा की औपचारिक शुरुआत हुई। यह पदयात्रा डुमरी से होते हुए जीटी रोड–बगोदर, विष्णुगढ़, हजारीबाग, रामगढ़ और ओरमांझी के मार्ग से होकर छह दिनों में रांची विधानसभा धरनास्थल तक पहुंचेगी। कुल 180 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी।

डुमरी विधायक जयराम महतो ने बताया कि छात्रवृत्ति न मिलने से छात्र शिक्षा से वंचित हो रहे हैं और कई छात्रों के सामने पढ़ाई छोड़ने की नौबत आ चुकी है। उन्होंने इसे गरीब छात्रों के लिए संजीवनी बताते हुए कहा कि युवाओं की समस्याओं को लेकर संघर्ष जारी रहेगा।
श्री महतो ने यह भी कहा कि सरकारी कार्यालयों में कर्मचारियों और अधिकारियों की भारी कमी है, जिसके कारण डुमरी क्षेत्र के लगभग सभी पद प्रभार में चल रहे हैं। उन्होंने राज्य सरकार से इन रिक्त पदों पर अविलंब नियुक्ति करने की मांग की।

विधायक ने कहा— “मेरे युवा साथी सड़क पर हैं, मैं विधानसभा में रहूँगा। सड़क से सदन तक हमारी लड़ाई जारी रहेगी।”
वही इस पदयात्रा की प्रमुख मांगें मुख्य रूप से बताई गई जिसमें खतियान आधारित स्थानीय नीति एवं नियोजन नीति अविलंब लागू की जाए। छात्रों को लंबित छात्रवृत्ति का तत्काल भुगतान किया जाए। जेपीएससी / जेएसएससी की सभी लंबित परीक्षाओं के परिणाम शीघ्र प्रकाशित किए जाएं।

झारखंड सरकार नियमित परीक्षा कैलेंडर प्रति वर्ष जारी करे और उसका अनुपालन सुनिश्चित करे। राज्य के सभी सरकारी रिक्त पदों पर अविलंब नियुक्ति प्रक्रिया प्रारंभ की जाए। वही विधायक जयराम महतो ने स्पष्ट किया कि छात्रों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई जारी रहेगी और पदयात्रा इसी संघर्ष का महत्वपूर्ण चरण है। वही इस पद यात्रा में सैकड़ो कार्यकर्ता मौजूद थे।


