झारखंड बंद का गिरिडीह में दिखा जोरदार असर: स्कूल-कॉलेज बंद, बोर्ड परीक्षार्थियों को मिली राहत; झंडा मैदान में जुटे भाजपा कार्यकर्ता।नगर भ्रमण करते हुए दुकानों को कराया बंद
झारखंड विधानसभा घेराव के दौरान छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा द्वारा मंगलवार को आहूत झारखंड बंद का असर गिरिडीह जिले में भी साफ दिखाई दिया।

झारखंड बंद का गिरिडीह में दिखा जोरदार असर: स्कूल-कॉलेज बंद, बोर्ड परीक्षार्थियों को मिली राहत; झंडा मैदान में जुटे भाजपा कार्यकर्ता।नगर भ्रमण करते हुए दुकानों को कराया बंद
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : झारखंड विधानसभा घेराव के दौरान छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा द्वारा मंगलवार को आहूत झारखंड बंद का असर गिरिडीह जिले में भी साफ दिखाई दिया। शहर के कई स्कूल और शिक्षण संस्थान बंद रहे। सुबह स्कूल पहुंचे विद्यार्थियों को बंद की जानकारी देते हुए वापस घर भेज दिया गया।

गिरिडीह के कार्मेल स्कूल, गुरुनानक स्कूल, रॉयल ग्लोबल स्कूल समेत कई शिक्षण संस्थानों में बंद का असर देखने को मिला। हालांकि बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं को विशेष राहत दी गई। परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे परीक्षार्थियों को परीक्षा देने की अनुमति दी गई, ताकि बंद के कारण उनकी महत्वपूर्ण परीक्षा प्रभावित न हो।

इधर, बंद के मद्देनजर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई। पुलिस अधिकारी लगातार गश्त करते हुए स्थिति पर नजर बनाए रहे। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

वहीं, बंद के समर्थन में भाजपा कार्यकर्ताओं का जुटान गिरिडीह के झंडा मैदान में हुआ। कार्यकर्ता यहां एकत्रित होकर विरोध-प्रदर्शन की तैयारी में जुटे रहे वहीं झंडा मैदान से जुलूस की शक्ल में कार्यकर्ता निकले और नगर भ्रमण करते हुए दुकानों को बंद कराया वही टावर चौक कालीबाड़ी चौक बड़ा चौक सहित अन्य चौकों पर रुक कर नारेबाजी किया। बंद के समर्थन में व्यवसायियों ने भी कई जगह अपनी दुकानें बंद रखीं और छात्रों के समर्थन में बंद को अपना समर्थन दिया।

झंडा मैदान में भाजपा महानगर जिलाध्यक्ष रंजीत राय, पूर्व जिलाध्यक्ष महादेव दुबे, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेश साव, चुन्नू कांत, विनय सिंह, संदीप डोंगाइच, दिलीप वर्मा, सुरेश मंडल, सिकंदर हेंब्रम, प्रोफेसर विनीता कुमारी, शालिनी बेसिकियर, युवा मोर्चा के संजीव कुमार, सिंकु सिंह, दीपक यादव, देवराज, मनोज शंघाई, हरविंदर सिंह बग्गा समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
फिलहाल गिरिडीह में बंद का असर देखने को मिल रहा है। कई शिक्षण संस्थान बंद हैं, जबकि बोर्ड परीक्षार्थियों को परीक्षा में शामिल होने की अनुमति देकर उन्हें राहत दी गई है। प्रशासन और पुलिस की नजर पूरे जिले में बंद से जुड़े घटनाक्रम पर बनी हुई है।


