झारखंड के दो मंत्रियों को जान से मारने की धमकी देने वाला आरोपी पटना से गिरफ्तार,
गिरिडीह: झारखंड सरकार के नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी देने वाले युवक को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर बिहार की राजधानी पटना से गिरफ्तार कर लिया है।

झारखंड के दो मंत्रियों को जान से मारने की धमकी देने वाला आरोपी पटना से गिरफ्तार,
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह: झारखंड सरकार के नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी देने वाले युवक को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर बिहार की राजधानी पटना से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी युवक ने 27 अगस्त को एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था

जिसमें उसने खुद को गिरिडीह जिले के राजेन्द्र नगर का निवासी अंकित कुमार मिश्रा बताया और दोनों मंत्रियों को 24 घंटे के अंदर “उड़ाने” की धमकी दी थी। इस वीडियो के वायरल होने के बाद गिरिडीह के बरमसिया निवासी अजीत कुमार के आवेदन पर मुफ्फसिल थाना में एफआईआर दर्ज की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जीवाहन उरांव के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया। तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर SIT ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पटना से गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी की पहचान 21 वर्षीय अंकित कुमार मिश्रा के रूप में हुई है, जो पूर्व में भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। पूछताछ के दौरान उसने धमकी भरा वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने उसका मोबाइल जब्त कर लिया है और मामले की गहराई से जांच जारी है।
एसपी बिमल कुमार ने बताया कि आरोपी का किसी संगठित आपराधिक गिरोह से कोई संबंध सामने नहीं आया है, लेकिन उसकी गतिविधियों की पूरी जांच की जा रही है। इस घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है, वहीं पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना भी हो रही है।




