चलकुशा प्रखंड में झारखंड सरकार के खिलाफ एक दिवसीय धरना प्रदर्शन। शामिल हुए विधायक अमित यादव।
चलकुशा प्रखंड मुख्यालय के समीप बुधवार को भारतीय जनता पार्टी की ओर से राज्य सरकार के खिलाफ एक दिवसीय धरना प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया।

चलकुशा प्रखंड में झारखंड सरकार के खिलाफ एक दिवसीय धरना प्रदर्शन। शामिल हुए विधायक अमित यादव।
संवाददाता – मुन्ना यादव
हजारीबाग : चलकुशा प्रखंड मुख्यालय के समीप बुधवार को भारतीय जनता पार्टी की ओर से राज्य सरकार के खिलाफ एक दिवसीय धरना प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों ने भाग लिया।
प्रदर्शन के दौरान राज्य सरकार की नीतियों, किसानों की समस्याओं तथा जनकल्याणकारी योजनाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर सरकार पर जमकर निशाना साधा गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा मंडल अध्यक्ष वासुदेव यादव ने एवं संचालन पूर्व मंडल अध्यक्ष राजेंद्र साव ने किया। विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से बरकट्ठा विधायक अमित कुमार यादव शामिल हुए।

सभा को संबोधित करते हुए विधायक अमित कुमार यादव ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के साथ लगातार वादाखिलाफी कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को समय पर बीज उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है, जिससे खेती-बाड़ी प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेने के बजाय केवल घोषणाएं कर रही है। विधायक ने कहा कि बीज वितरण में बिचौलियों की भूमिका बढ़ गई है, जिसके कारण वास्तविक किसानों को समय पर लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार किसानों की कर्जमाफी के मुद्दे पर पूरी तरह विफल रही है और चुनाव के समय किए गए वादे आज तक पूरे नहीं हुए हैं।

विधायक अमित कुमार यादव ने महिलाओं से जुड़ी योजनाओं का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि मंईया योजना में पात्र महिलाओं के साथ भेदभाव किया जा रहा है तथा लाभुकों को योजना का समुचित लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने सरकार पर प्रशासनिक लापरवाही और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि आम जनता कार्यालयों का चक्कर लगाने को मजबूर है, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता की आवाज को सड़क से सदन तक उठाने का काम करेगी।

भाजपा मंडल अध्यक्ष बासुदेव यादव ने कहा राज्य सरकार हर मोर्चे पर असफल साबित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीब, किसान और जरूरतमंद लोग योजनाओं का लाभ पाने के लिए प्रखंड कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता अब सरकार की कार्यशैली को समझ चुकी है और आने वाले समय में इसका जवाब देगी।राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार बढ़ाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गति धीमी हो चुकी है और जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान है। कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए और किसानों तथा आम लोगों की समस्याओं के समाधान की मांग की।
मौके पर लखन साव, भाजपा प्रखंड उपाध्यक्ष रामजीत रजक, सीताराम पंडित,महामंत्री मुन्ना यादव, विक्रम सिंह,भुनेश्वर स्वर्णकार, गौरी शंकर ठाकुर, अशोक यादव, राम प्रसाद यादव, राजेंद्र यादव,संजय यादव, संजय पासवान एवं राजकुमार पंडित सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।



