Breaking Newsझारखण्डटेक्नोलॉजीताजा खबरत्योहारदुनियादेशलाइफस्टाइललाइव न्यूज़

गिरिडीह में भाईचारे के साथ मनाई गई बकरीद, मस्जिदों और ईदगाहों में अदा हुई विशेष नमाज l

गिरिडीह में ईद-उल-अजहा यानी बकरीद का त्योहार शांति, भाईचारे और उत्साह के साथ मनाया गया।

गिरिडीह में भाईचारे के साथ मनाई गई बकरीद, मस्जिदों और ईदगाहों में अदा हुई विशेष नमाज l

गिरिडीह, मनोज कुमार।

गिरिडीह : गिरिडीह में ईद-उल-अजहा यानी बकरीद का त्योहार शांति, भाईचारे और उत्साह के साथ मनाया गया। जिलेभर की मस्जिदों और ईदगाहों में लोगों ने विशेष नमाज अदा कर अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी। वहीं प्रशासन भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह अलर्ट नजर आया।

सुबह से ही गिरिडीह शहर समेत ग्रामीण इलाकों की मस्जिदों और ईदगाहों में नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने पारंपरिक परिधानों में पहुंचकर बकरीद की विशेष नमाज अदा की और देश व समाज में शांति, तरक्की और भाईचारे की दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दी।

बरवाडीह, कोलडीहा, भंडारीडीह, पचंबा, मोहनपुर, विशनपुर, मुस्लिम बाजार, चैताडीह, बक्सीडीह, खरियोडीह, बनखंजो, तेलोडीह योगीटांड़ सिहोडीह समेत कई इलाकों में सामूहिक नमाज अदा की गई। इमामों ने अपने संदेश में त्याग, बलिदान और इंसानियत की सीख दी। नमाज के बाद परंपरा के अनुसार कुर्बानी दी गई ।

बकरीद को लेकर बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों में खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चे नए कपड़ों में नजर आए, वहीं युवा एक-दूसरे के घर पहुंचकर ईद की बधाई देते दिखे। घरों में सेवइयां और कई पारंपरिक पकवान बनाए गए। लोगों का एक-दूसरे के यहां आना-जाना लगा रहा और पूरे जिले में उत्सव का माहौल बना रहा।

बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी
प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की। बकरीद के मौके पर जिलेभर में सौहार्द, आपसी प्रेम और सामाजिक एकता की मिसाल देखने को मिली।

Related Articles

Back to top button