सरिया में इलाज के बाद महिला की मौत, आक्रोशित परिजनों ने किया सड़क जाम
गिरिडीह,सरिया थाना क्षेत्र में इलाज के बाद एक महिला की मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान 50 वर्षीय अंजनी देवी, पति पूरन महतो, ग्राम चौबे, जिला हजारीबाग के रूप में की गई है।

सरिया में इलाज के बाद महिला की मौत, आक्रोशित परिजनों ने किया सड़क जाम
गिरिडीह: मनोज कुमार।
गिरिडीह : सरिया थाना क्षेत्र में इलाज के बाद एक महिला की मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान 50 वर्षीय अंजनी देवी, पति पूरन महतो, ग्राम चौबे, जिला हजारीबाग के रूप में की गई है। परिजनों के अनुसार अंजनी देवी का इलाज सरिया के बागोडीह चौक के समीप स्थित उमा पॉलिक्लिनिक एंड डायग्नोस्टिक सेंटर में चल रहा था।

परिजनों ने बताया कि इलाज कराने के बाद महिला घर लौट गई थी। घर पर दवा देने के कुछ समय बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और उसे उल्टियां शुरू हो गईं। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे दोबारा क्लिनिक ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही महिला की मौत हो गई।

महिला की मौत से आक्रोशित परिजनों ने उमा पॉलिक्लिनिक के सामने रांची–दुमका मुख्य मार्ग पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान करीब एक घंटे तक सड़क जाम रही, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

सूचना मिलने पर सरिया पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद सड़क जाम हटाया गया और आवागमन पुनः सामान्य हो सका।
वहीं इस मामले में उमा पॉलिक्लिनिक के डॉक्टर सोनू कुमार ने बताया कि महिला का इलाज किया गया था और इलाज के बाद वह घर चली गई थी। उनके अनुसार महिला की मौत इलाज के चार दिन बाद हुई है। फिलहाल घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस द्वारा स्थिति पर नजर रखी जा रही है, जबकि परिजन शव को लेकर अपने घर चले गए हैं।




